विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : जनहित से जुड़े 6 मामलों को उठाने पर अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता को जान से मारने की धमकी मिल रही हैं। अधिवक्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर उसे अपना आखिरी पैगाम बताते हुए उन्हें कुछ हो जाने पर शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।
जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों में आरटीआई के तहत आवाज उठाने वाले अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता हरदीप शर्मा ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर डीएम व एसएसपी ऊधम सिंह नगर को प्रार्थना पत्र भेजकर उत्तराखंड शासन के गृह अनुभाग-2 के शासनादेश दिनांक 14 जुलाई 2014 के तहत सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में शर्मा ने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों को उठाने के कारण उन्हें जान-माल की क्षति पहुंचाने और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग की भूमि पर अवैध कब्जे एवं पेड़ों के कटान, बाबा श्रीचंद मंदिर की सरकारी भूमि, पेयजल योजना में निर्माण गुणवत्ता, चैती मेले की प्रकाश व्यवस्था, नगर निगम के नाले पर अतिक्रमण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना गंगापुर गोसाई के 584 लाभार्थी परिवारों की समस्याओं सहित 6 प्रमुख मामलों में उनके द्वारा लगातार शिकायतें और कार्रवाई की मांग की जा रही है।
अधिवक्ता हरदीप सिंह ने डीएम व एसएसपी से संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने तथा उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शासन-प्रशासन एवं पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। उन्होंने पूर्व में विभिन्न अधिकारियों को दिए गए शिकायत पत्रों एवं समाचार प्रकाशनों की प्रतियां भी संलग्न की हैं।
अधिवक्ता हरदीप शर्मा का कहना है कि लगातार शासन प्रशासन को पत्राचार करने के उपरांत भी किसी भी अधिकारी के द्वारा मामलों को गंभीरता से नहीं लिया जाना मेरी जान माल की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है अगर मुझे कुछ भी होता है तो उसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
अधिवक्ता हरदीप शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए उसे अपना आखिरी पैगाम बताया है और उन्हें कुछ होने की स्थिति में उसका जिम्मेदार शासन-प्रशासन को ठहराया है।
देखें वीडियो –




