विकास अग्रवाल
गदरपुर (महानाद) : फर्जी प्रमाणपत्र मामले में राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने काशीपुर, गदरपुर, रुद्रपुर निवासी 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरु कर दी है।
राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार ने गदरपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक गोविन्दपुर सरताज अली द्वारा तहसीलदार गदरपुर को दिनांक 24.09.2026 को एक आख्या प्रस्तुत की गयी। उक्त आख्या के अनुसार मेरे क्षेत्र गोविन्दपुर के कुछ व्यक्तियों द्वारा गलत प्रमाण पत्र जारी करवा लिये गये हैं। उक्त संबंध में मेरे द्वारा अभिलेखों एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया। जांच में ग्राम प्रधान तथा अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की गयी। मेरे द्वारा उक्त में और जांच की गयी। जिसमें प्रकाश में आया कि एक व्यक्ति निखिल वर्मा निवासी गदरपुर तहसील में लोगों के काम लेकर आता-जाता रहता है। उसके द्वारा प्रमाण पत्र बनवाने के लिए मुझे अवगत कराया गया। मेरे द्वारा इस संबंध में निखिल वर्मा से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उन प्रमाण पत्रों को बनाने के लिए शुभम हुड़िया निवासी पुरानी मण्डी, गदरपुर ने उक्त प्रमाण पत्रों में कूटरचना किये हुये दस्तावेज-खतौनी, आधार, राशनकार्ड, परिवार रजिस्टर, बिजली का बिल को लगाते हुए शुभम हुड़िया, वर्षा एवं मोहित की सिटिजन आईडी बनाते हुए आवेदन किये गये। इन सब में शेखर अरोरा निवासी गढ़ीनेगी, काशीपुर तथा लवी, निवासी काशीपुर भी लिप्त हैं।
विनोद कुमार ने बताया कि उक्त प्रकरणों में बिल्कुल असली लगने वाले कूटरचित दस्तावेज होने के कारण धोखाधड़ी से जारी हो गये हैं, जिन्हें निरस्त किया जाना अत्यावश्यक है। उक्त प्रमाण पत्रों का विवरण निम्नवत् है-
1. प्रियांशु गुप्ता पुत्र शिवाजी के 2 प्रमाण पत्र स्थायी निवास प्रमाण पत्र दिनांक 24.08.2026 तथा जाति प्रमाण पत्र दिनांक 29.08.2026 उक्त में संलग्न दस्तावेजों में प्रियांशु गुप्ता, शिवाजी पिता तथा उदय कुमार के आधार संलग्न किये हैं, जिन्हें आधार ऑपरेटर से चैक करवाने पर तीनों आधार गलत पाये गये।
निरीक्षक, गदरपुर द्वारा राशन कार्ड की जांच करने पर उक्त राशन कार्ड सुरेन्द्र की जांच नगर, सितारगंज में कनन हलदार के नाम पर दर्शित हो रहा है तथा फसली वर्ष 1430-1435 खाता संख्या 0012 ग्राम रफीनगर उदय कुमार पुत्र अजय कुमार के नाम की खतौनी संलग्न की है। उक्त खतौनी के उदय कुमार ने लिखित में अवगत कराया है कि उनके परिवार में कोई प्रियांशु गुप्ता निवासरत नहीं है।
बिजली के बिल में भी कूटरचना की गयी है। ग्राम प्रधान द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त प्रियांशु नामक व्यक्ति ग्राम में नहीं रहता है। जब उनसे आवेदन में संलग्न खतौनी में उल्लिखित नाम उदय कुमार पुत्र अमर कुमार के बारे में पूछा गया तो उनके द्वारा बताया गया कि वह भी ग्राम में नहीं रहते हैं, वह गदरपुर शहर में रहते हैं।
मेरे द्वारा उक्त में फिर उदय कुमार से संपर्क किया गया तो उनके द्वारा भी यह लिखित रूप से अवगत कराया गया कि उनके परिवार में कोई प्रियांशु गुप्ता नाम का कोई सदस्य नहीं है तथा उन्होंने किसी को अपनी खतौनी नहीं दी है। प्रियांशु गुप्ता से फोन से संपर्क करने पर भी गलत नंबर होने के कारण लगा नहीं। इस प्रकार प्रियांशु गुप्ता पुत्र शिवाजी के उपरोक्त प्रमाण पत्र गलत है जिनमें स्थायी निरस्त किया जा चुका है जबकि जाति को निरस्त करने की संस्तुति जिला स्क्रूटनी समिति को की जा चुकी है।
2. कु. वैष्णवी सिंह पुत्री बिजेन्द्र सिंह का स्थायी प्रमाण पत्र दिनांक 11.08.2026 संलग्न दस्तावेजों में बिजेन्द्र सिंह पुत्र जगत सिंह का आधार, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, विद्युत बिल कनैक्शन, पूर्ति निरीक्षक, गदरपुर द्वारा जांच करने पर उक्त संलग्न राशन कार्ड सुरेन्द्र नगर, सितारगंज में कनन हलदार के नाम पर दर्शित हो रहा है। विद्युत बिल कनैक्शन बिजेन्द्र सिंह के नाम पर है, यही विद्युत बिल कनैक्शन सं. उपरोक्त प्रभात चौधरी के आवेदन में धर्मेन्द्र सिंह के विद्युत बिल पर भी अंकित है, स्पष्ट है कि इसमें भी कूटरचना की गयी है। खतौनी ग्राम गिरधरनगर खाता सं. 211 में बिजेन्द्र सिंह की है, जबकि ऑनलाइन चैक करने पर रोमल कुमार आदि के नाम से दर्ज दर्शित हो रहा है, जिससे स्पष्ट है कि सभी में कूटरचना की गयी है।
इस प्रकार कु. वैष्णवी सिंह पुत्री बिजेन्द्र सिंह का स्थायी निवास प्रमाण पत्र गलत है जिसे निरस्त किया जा चुका है।
3. कु. अवंतिका डवास पुत्री राजेश कुमार के 3 प्रमाण पत्र स्थायी प्रमाण पत्र दिनांक 11.08.2026 तथा जाति प्रमाण पत्र दिनांक 17.08.2026 तथा अनाथ प्रमाण पत्र संलग्न दस्तावेजों में अवंतिका पुत्री उदयवीर सिंह, उदयवीर सिंह पुत्र डाल गोपाल सिंह, राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर तथा खतौनी ग्राम गिरधर नगर खाता सं. 212 उदयवीर सिंह पुत्र डाल गोपाल सिंह के नाम पर दर्ज है।
पूर्ति निरीक्षक, गदरपुर द्वारा उक्त संलग्न राशन कार्ड की जांच करने पर उक्त राशन कार्ड सुरेन्द्र नगर, सितारगंज में कनन हलदार के नाम पर दर्शित हो रहा है। संलग्न की गयी उपरोक्त खतौनी को ऑनलाइन चैक करने पर यह पाया गया कि रोशन लाल पुत्र उत्तम चन्द के नाम दर्ज है। स्पष्ट है कि उपरोक्त कागजों में कूटरचना की गयी है। उपरोक्त तथ्यों से स्पष्ट है कि कु. अवंतिका डवास पुत्री राजेश कुमार का स्थायी निवास प्रमाण पत्र गलत है जिसे निरस्त किया जा चुका है, जबकि जाति को निरस्त करने की संस्तुति जिला स्क्रूटनी समिति को की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त अनाथ प्रमाण पत्र भी उपरोक्त फर्जी अभिलेखों के आधार पर जारी होने के कारण निरस्त किया जा चुका है।
4. कु. वनावी कुमारी पुत्री राजेश कुमार के 2 प्रमाण पत्र-स्थायी निवास प्रमाण पत्र दिनांक 24.08.2026 तथा जाति प्रमाण पत्र दिनांक 07.09.2026 संलग्न दस्तावेजों में आस्था गिरी पुत्री राजेश कुमार गिरी पुत्र महेश कुमार, महेश कुमार पुत्र रोशन लाल के आधार संलग्न किये गये हैं, जबकि आई आधार संलग्न नहीं किया गया है। महेश कुमार के आधार में दर्शित फोटो प्रियांशु गुप्ता उपरोक्त के प्रमाण पत्र में उदय कुमार के आधार में दर्शित फोटो से मिलान हो रही है। आधार ऑपरेटर के द्वारा यह भी बताया गया कि उक्त तीनों प्रमाण पत्र गलत पाये दर्शित हो रहा है। संलग्न खतौनी फसली वर्ष 1432-1437 खाता संख्या 0012 ग्राम रफीनगर रोशन लाल के नाम की खतौनी संलग्न की है। परन्तु आधार कार्ड में कूटरचना होने के कारण उक्त खतौनी से मिलान नहीं हो पा रहा है।
मेरे द्वारा मौके पर जाकर जांच करने पर वैनवी कुमारी मौके पर नहीं मिली तथा ग्राम प्रधान गिरधर नगर द्वारा भी यह अवगत कराया गया कि उक्त व्यक्ति अथवा उसका परिवार इस ग्राम में निवासरत नहीं है। पूर्ति निरीक्षक, गदरपुर द्वारा उक्त राशन कार्ड की जांच करने पर उक्त राशन कार्ड सुनीता निवासी गुरुद्वारा वार्ड, गदरपुर के नाम पर दर्शित हो रहा है। विद्युत बिल में भी कूटरचना दर्शित हो रही है। इस प्रकार कु. वैनवी कुमारी पुत्री राजेश कुमार के उपरोक्त प्रमाण पत्र गलत हैं, जिनमें स्थायी निरस्त किया जा चुका है जबकि जाति को निरस्त करने की संस्तुति जिला स्क्रूटनी समिति को की जा चुकी है।
5. प्रभात चौधरी पुत्र स्व. धर्मेन्द्र सिंह के 2 प्रमाण पत्र स्थायी प्रमाण पत्र दिनांक 11.08.2026 तथा अनाथ प्रमाण पत्र संलग्न दस्तावेजों में प्रभात चौधरी पुत्र धर्मेन्द्र सिंह एवं धर्मेन्द्र सिंह पुत्र जगत सिंह का आधार लगाया गया है। पूर्ति निरीक्षक, गदरपुर द्वारा उक्त संलग्न राशन कार्ड की जांच करने पर उक्त राशन कार्ड सुरेन्द्र नगर, सितारगंज में कनन हलदार के नाम पर दर्शित हो रहा है। परिवार रजिस्टर एवं खतौनी धर्मेन्द्र सिंह पुत्र जगत सिंह की खतौनी लगायी गयी है। जो कि ऑनलाइन चैक करने पर विकास कुमार पुत्र दिनेश चन्द्र की दिख रही है। जिससे स्पष्ट है कि खतौनी भी कूटरचित की गयी है।
विद्युत बिल विद्युत बिल कनैक्शन धर्मेन्द्र सिंह के नाम पर है, यही विद्युत बिल कनैक्शन सं. उपरोक्त वैष्णवी सिंह के विद्युत बिल पर भी अंकित है, स्पष्ट है कि इसमें भी कूटरचना की गयी है। इस प्रकार प्रभात चौधरी पुत्र धर्मेन्द्र सिंह का स्थायी प्रमाण पत्र गलत होने के कारण निरस्त किया जा चुका है तथा अनाथ प्रमाण पत्र भी उपरोक्त फर्जी अभिलेखों के आधार पर जारी होने के कारण निरस्त किया जा चुका है।
विनोद कुमार ने बताया कि उक्त प्रकरण में अग्रतर जांच में प्रमोद सैनी, शेखर अरोड़ा एवं लवी का नाम भी निखिल वर्मा द्वारा लिया गया। निखिल वर्मा, प्रमोद सैनी तथा शुभम हुड़िया के बयान उप जिला मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार के सम्मुख लिये गये। निखिल वर्मा एवं शुभम हुड़िया के मोबाइल फोनों में कई रिकार्डिंग एवं दस्तावेज भी हैं।
उन्होंने उपरोक्त कूटरचित दस्तावेजों को बेइमानी की नीयत से संगठित रूप से तैयार कर उनसे लाभ लेने वाले उक्त फर्जीवाडे में संलिप्त उपरोक्त एवं अन्य सभी व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार की तहरीर के आधार पर शुभम हुड़िया, निखिल वर्मा, प्रमोद सैनी, शेखर अरोड़ा, लवी, प्रियांशु गुप्ता, कुं. वैष्णवी सिंह, कुं. अवंतिका डवास, वनावी कुमारी व प्रभात चौधरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) धोखाधड़ी, 336(3) जाली दस्तावेज बनाना, 338, 339, 340(2) जालसाजी, 61(2) आपराधिक षड़यंत के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई सुरेन्द्र सिंह रिंगवाल के हवाले की है।



