सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : पुलिस ने एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा चलाये जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग गैंग को ध्वस्त करते हुए 34 छोटे- बड़े सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण सहित अवैध ज्वलनशील पदार्थ के साथ 2 सगे भाईयों को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
दिनांक 09.04.2026 को एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर खताड़ी क्षेत्र ें एक मकान में छापेमारी की गई, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करते हुए अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था, का भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर एलपीजी रिफिलिंग के उपकरण, तराजू व बाट तथा लगभग आधा ड्रम डीजल बरामद कर 2 सगे भाईयों अमन उर्फ भल्ला (26 वर्ष) एवं शहजाद उर्फ शैजी पुत्रगण रईस अहमद, निवासी खताड़ी, नार्मल स्कूल के पास, रामनगर को गिरफ्तार कर दोनों के विरुद्ध धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर कोर्ट में पेश कर दिया।
पुलिस टीम में एसएसआई दीपक बिष्ट, एसआई वीरेंद्र सिंह बिष्ट, धर्मेन्द्र कुमार, कां. अमित कुमार, गगन भण्डारी, संजय सिंह तथा रेशू शामिल थे।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी का संदेश –
जनसुरक्षा से खिलवाड़ और एलपीजी की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी। अवैध भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।
आमजन से अपील – यदि आपके आसपास गैस की अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या भंडारण की सूचना है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
आपातकालीन नंबर -112 या अपने नजदीकी थाने में सूचना दें।



