spot_img
spot_img
Sunday, February 22, 2026
spot_img

होमगार्ड की पुत्री अनामिका ने नीट में सफलता पाकर पूरा किया एमबीबीएस का सपना

हर्ष वर्धन यादव
शाहजहांपुर (महानाद) : जनपद के निगोही थाना क्षेत्र के गांव हंसौआ की रहने वाली अनामिका शर्मा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2025 में शानदार प्रदर्शन कर एमबीबीएस की सरकारी सीट हासिल की है। अनामिका होमगार्ड विपिन कुमार शर्मा की पुत्री हैं और उन्होंने बिना किसी कोचिंग के घर पर रहकर पढ़ाई करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी ऑल इंडिया रैंक 12729 रही है और उन्होंने 720 में से 549 अंक प्राप्त किए हैं।

अनामिका का शिक्षा सफर भी प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पीलीभीत स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय से की। इसके बाद उन्होंने नीट की तैयारी के लिए किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया, बल्कि पूरी तैयारी अपने घर पर रहकर की। अनामिका ने बताया कि उन्होंने पहले भी नीट परीक्षा उत्तीर्ण की थी, लेकिन तब उन्हें बीएएमएस सीट मिल रही थी। चूंकि उनका सपना डॉक्टर बनने का था, इसलिए उन्होंने एक वर्ष और मेहनत करने का फैसला किया और इस बार एमबीबीएस सीट हासिल कर ली।

अनामिका की सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि पूरे गांव और जिले के लिए भी प्रेरणादायक बन गई है। उनके दादा रामादीन शर्मा निगोही के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक रह चुके हैं। परिवार में शिक्षा का माहौल शुरू से रहा है, जिसने अनामिका को आगे बढ़ने में मदद की। अपनी सफलता का श्रेय अनामिका ने अपने माता-पिता और परिवारजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में उनके परिवार ने उनका पूरा साथ दिया और कभी भी हौसला नहीं टूटने दिया।

अनामिका की सफलता यह संदेश देती है कि अगर लगन और मेहनत हो, तो संसाधनों की कमी भी मंजिल पाने में बाधा नहीं बनती। गांव और क्षेत्र के लोग अनामिका को बधाइयां दे रहे हैं। अनामिका की यह उपलब्धि उन छात्रों के लिए एक प्रेरणा है जो बिना कोचिंग के, सीमित संसाधनों में भी बड़ा सपना देखते हैं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles