रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में रुद्रपुर पुलिस ने अपराधियों पर करारा प्रहार करते हुए महज 18 घंटे में ‘थार’ लूट के मास्टरमाइंड रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। वाहन सौदे में धोखा देना उसका कारोबार है।
घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि दिनांक 4 सितंबर 2025 को मोहित तोमर पुत्र सुरेन्द्र तोमर निवासी ग्राम बरला, थाना साबाडेरी, उत्तरी दिल्ली ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर बताया था कि दिनांक 3 सितंबर 2025 की रात करीब 11ः30 बजे भगवानपुर स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू व उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर तमंचे की नोक पर उनकी थार जीप लूट ली है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने (एसएसपी मणिकांत मिश्रा) तुरंत पुलिस टीम का गठन कर घटना का त्वरित खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दिनांक 4 सितंबर 2025 को मुख्य अभियुक्त रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू पुत्र रविन्द्र अरोड़ा उर्फ गुल्लू निवासी इन्द्रा कालोनी, गली नम्बर-4, रुद्रपुर को प्रीत विहार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

एसएसपी मिश्रा ने बताया कि रजनीश अरोड़ा उर्फ सोनू कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। वह पहले भी कई बार लोगों को वाहन सौदे और कारोबार के नाम पर धोखा दे चुका है। अपने साथियों के साथ मिलकर उसने कई बार ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। रजनीश और उसके साथी संगठित तरीके से एक गैंग बनाकर काम करते हैं, जो योजनाबद्ध तरीके से लोगों को फंसाकर उनसे लूटपाट करते है। अब पुलिस उसकी पूरी आपराधिक पृष्ठभूमि की गहराई से जांच कर रही है और पुराने मामलों की भी छानबीन की जा रही है।
वांछित अभियुक्त –
वंश मखीजा, जग्गा प्रधान तथा राधेश्याम पंडित।
एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि तीनों वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ हेतु पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम में कोतवाल मनोज रतुड़ी, एसएसआई नवीन बुधानी, एसआई होशियार सिंह, चन्दन सिंह बिष्ट, कां दीप चन्द्र शामिल थे।



