spot_img
spot_img
Tuesday, November 24, 2026
spot_img

काशी विश्वनाथ स्टील्स काशीपुर के साथ लाखों की धोखाधड़ी

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशी विश्वनाथ स्टील्स काशीपुर के साथ लाखों की धोखाधड़ी करने का माला सामने आया है। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने कंपनी के अधिकारी की तहरीर के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

काशी विश्वनाथ स्टील्स काशीपुर के अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी कम्पनी लोहे के सरिया, एंगिल आदि बनाने का कार्य करती है और इस सम्बन्ध में रॉ मैटेरियल (स्पंज आयरन) बाहर की फर्मों से मंगवाया जाता है, इसी क्रम में उनके पास मैसर्स रिलायबल हाईटेक प्रा. लि. के द्वारा स्पंज आयरन (रॉ मैटेरियल) माँ शेरावाली ट्रांसपोर्ट, राउरकेला के माध्यम से भिजवाया गया।

विजय प्रताप सिंह ने बताया कि उनके द्वारा जब माल भेजा जाता है, तो उस माल के साथ माल की टैस्टिंग रिपोर्ट भी भेजी जाती है, मैसर्स रिलायबल हाईटैक प्रा. लि. द्वारा जो माल भेजा गया उसमें टैस्टिंग रिपोर्ट के अनुसार माल की शुद्धता 82 प्रतिशत तक थी परन्तु जब माल दिनांक 31.10.2026 को उनकी कम्पनी में आया, तो उन्होंने सर्वप्रथम सैम्पल लेकर माल के एक भाग की टैस्टिंग की तो उसकी शुद्धता 50-60 प्रतिशत पायी गई, जिससे स्पष्ट होता है कि माल में धोखाधड़ी हुई है।

विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जब उनके द्वारा टैस्टिंग रिपोर्ट मैसर्स रिलायबल हाईटैक प्रा. लि., बोनाईगढ़, जिला सुन्दरगढ़, उड़ीसा के अधिकृत प्रतिनिधि को दी गई तो उनके द्वारा बताया गया कि यह माल उनकी कम्पनी का नहीं है, फिर उसके उपरान्त उन्होंने ट्रक ड्राईवर अमरवीर सिंह पुत्र आत्मा सिंह, निवासी ग्राम गेहंदी, रतासिया, उत्तर प्रदेश व मालिक पारस साहनी, दिनेश वाष्णेय गाजली, मुन्नू गंज, गोला गोरखनाथ, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश व दूसरे ट्रक के ड्राईवर नारायण सिंह पुत्र रंजीत सिंह, निवासी पिपरा घुन्नी, रायपुर घुन्सी, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश व मालिक सनप्रीत सिंह निवासी पिपरिया, राजापुर, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश व तीसरे ट्रक के ड्राईवर गुरुवचन सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी सेनपुर हजरतपुर, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश व मालिक हरप्रीत सिंह, भनसारिया, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश से बातचीत की तो यह लोग टाल मटौल करने लगे और कहने लगे कि माल सही लाये हैं।

विजय प्रताप सिंह ने बताया कि उनके द्वारा कई दिनों तक मालूमात की गई परन्तु उन्हें यकीन है कि उपरोक्त माल इन्हीं ट्रक ड्राईवरों, ट्रक मालिकों एवम् ट्रांसपोर्ट मां शेरावाली के स्वामी मि. दास ने हमसाज होकर बदल दिया है और इनके द्वारा मय भाड़ा 48,81,330 रुपये की धोखाधड़ी कर नकली माल दिया गया है और यह लोग ऐलानियाँ धमकी भी दे रहे हैं कि यदि थाने गये तो तुम्हें देख लेगें। उन्होंने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त 8 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई अरविंद बहुगुणा के हवाले की है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles