खटीमा (महानाद) : एक व्यक्ति ने एक महिला पर 3.5 लाख रुपये न देने पर रेप का केस लगाकर जेल भेजने व जमानत होने के बाद फिर से पैसे मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकमदा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
नगरा तराई, झनकईया, खटीमा निवासी मनोहर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि कुछ दिनों पूर्व एक महिला ने उसे नगरा तराई निवासी एक अन्य महिला के घर बुलाया और उससे 3.5 लाख रुपये की मांग की। उसके द्वारा रुपये न देने पर उक्त महिला ने उस पर बलात्कार (रेप) का केस दर्ज करा दिया, वर्तमान में वह जमानत पर है।
मनोहर ने बताया कि उक्त महिला द्वारा उसे लगातार पैसों के लिए परेशान किया जा रहा है तथा उसे धमकी दी है कि वह जितना पैसा मांगेगी उतना देना पड़ेगा, जिस एवज में वह उक्त महिला को 1,45,000 हजार रुपये दे चुका है। उसके बाद महिला द्वारा उससे जब-जब पैसों की मांग की गयी है, उसका रिकार्ड उसके मोबाइल में है।
मनोहर ने बताया कि उक्त महिला द्वारा उसे लगातार धमकी दी जा रही है कि उसने उक्त महिला के खिलाफ कहीं रिपोर्ट दर्ज करायी और पैसों की डिमाण्ड को पूरा नहीं किया तो उसे कहीं भी रास्ते में या भरे बजार में वह अपने कपड़े फाड़कर थाने में दोबारा रिपोर्ट दर्ज करा देगी तथा दोबारा जेल भिजवा देगी।
मनोहर ने कहा कि वह उक्त महिला की धमकी से मानसिक रूप से काफी परेशान हो चुका है उसे आर्थिक रूप से भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही है। जब उसने महिला द्वारा की गई पैसों की डिमाण्ड को पूरा करने में असमर्थता जतायी तो उसके द्वारा कहा जा रहा है कि मुझे पैसों से मतलब है तू चाहे तो अपनी किडनी बेच, मुझे हर हालत में पैसा चाहिए। उसके द्वारा उसे आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
मनोहर ने कहा कि उक्त महिला के उत्पीड़न से यदि प्रार्थी के साथ कभी भी कोई अनहोनी घटना कारित होती है तो उसकी समस्त जिम्मेदारी उक्त महिला की होगी। उसने उक्त महिला के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने मनोहर सिंह की तहरीर के आधार पर महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) जबरन वसूली (extortion) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई विकास कुमार के हवाले की है।



