रुद्रपुर (महानाद) : जनपद उधम सिंह नगर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

उक्त क्रम में आज दिनांक 09.2.2026 को एएचटीयू प्रभारी बसंती आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मेट्रोपोलिस मॉल, पंतनगर क्षेत्र स्थित विभिन्न स्पा सेंटरों को औचक चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान 10 से अधिक स्पा सेंटर बिना वैध अनुमति एवं निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित पाए गए जिस पर मौके पर ही संबंधित स्पा सेंटरों को बंद कर ताले लगाए गए एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
वहीं, जांच के दौरान एक ‘बार’ में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बार का 10,000 का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न मामलों में कुल 50,000 रुपये के चालान काटे गए।
आपको बता दें कि एसएसपी मणिकांत मिश्रा द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध, अनैतिक अथवा नियम विरुद्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।



