हल्द्वानी (महानाद) : एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के कुशल निर्देशन में लालकुआं पुलिस को मिली बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने लालकुआं सहित काठगोदाम व मुखानी की 7 दुकानों की चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर पिद्दा को उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पिद्दा पर 45 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने उनके पास से 2.28 लाख रुपये से अधिक की नकदी, चोरी की मोटरसाइकिल व मोबाइल बरामद किये हैं।
आपको बता दें कि एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के कुशल निर्देशन में अपराध एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी मनोज कुमार कत्याल, सीओ अमित कुमार तथा कोतवाली प्रभारी लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में चौकी हल्दूचौड़ पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए शातिर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्य उफ पिद्दा एवं उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार किया है।
विदितहो कि दिनांक 24.05.2026, 9.06.2026 व 15.06.2026 को कोतवाली लालकुंआ क्षेत्र में अज्ञात चोरांे द्वारा देर रात बंद दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अन्जाम दिया गया। मामलों की गम्भीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल द्वारा एसपी मनोज कत्याल को उपरोक्त चोरी की घटनाओं का त्वरित खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी करने तथा चोरी की सम्पत्ति बरामदगी के सख्त निर्देश दिये गये। जिस आदेश के क्रम में चोरी का त्वरित अनावरण करने हेतु टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सघन सुरागरसी एवं पतारसी की गई, जिसके फलस्वरूप दिनांक 26.06 2026 को दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों से पूछताछ में कोतवाली लालकुआं के 4, मुखानी के 2 तथा काठगोदाम के 1 चोरी के मुकदमों का सफल अनावरण हुआ। इनमें दुकानों के ताले तोड़कर नकदी चोरी करने तथा मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं शामिल हैं।
पुलिस टीम में एसआई अर्जुन गिरी गोस्वामी, कां. कुबेर सिंह, मनीष शर्मा तथा राजेश कुमार शामिल थे। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु 2,500 रुपए के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।



