विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : ग्राम पैगा निवासी एक महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर मेले में प्रसाद चढ़ाने गये उसके बेटे को पीट-पीट कर अधमरा करने का आरोप लगाया है।
ग्राम पैगा, काशीपुर निवासी लीलावती पत्नी शंकरलाल ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र भगवत सिंह एक फैक्ट्री में काम करता है। वेदप्रकाश पुत्र ओमप्रकाश, दीपक पुत्र वेदप्रकाश, संजीव पुत्र नामालूम निवासीगण पैगा, काशीपुर काफी दबंग व हेकड़ किस्म के व्यक्ति हैं तथा उनके बेटे भगवत सिंह से काम को लेकर रंजिश रखते हैं तथा आये दिन देख लेने व जाने से मारने की धमकी देते रहते है।
लीलावती ने बताया कि दिनांक 20.09.2026 को समय करीब रात्रि 9ः00 बजे गांव में शिव मंदिर पर मेला लगा था, जहाँ उनका बेटा प्रसाद चढ़ाने गया था, तभी वहां पर पहले से मौजूद उपरोक्त वेदप्रकाश, दीपक व संजीव तथा दो अज्ञात व्यक्ति जिसमें एक वेदप्रकाश का साला था, जिन्हें सामने आने पर उनका बेटा पहचान लेगा, ने जबरदस्ती उनके बेटे को रोक लिया और माँ-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। इतने में ही वेदप्रकाश ने बोला कि आज बढ़िया मौका मिल गया है, आज इसे खत्म कर दो।
लीलावती ने बताया कि उक्त लोागों ने मिलकर लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से उनके बेटे पर हमला शुरू कर दिया और उनके बेटे को अधमरा कर मृत अवस्था में पहुंचा दिया और मरा समझकर उसकी जेब से उसका फोन भी निकाल लिया ताकि किसी को सूचना न मिल सके। उक्त घटना को गांव के मेले में मौजूद काफी लोगों ने देखा तथा उन्हें सूचना दी जिसके बाद उन्होंने उसे ले जाकर सरकारी अस्पताल काशीपुर में मेडिकल कराया जहां डॉक्टरों ने उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए भर्ती करने से मना कर दिया तथा दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया।
लीलावती ने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1), 126(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई विक्रम सिंह धामी के हवाले की है।



