spot_img
spot_img
Sunday, October 18, 2026
spot_img

रात में चाचा के घर पहुंचा भतीजा, सुबह मिली लाश… पुलिस ने खोला हत्या का राज

आगरा (महानाद) : आगरा के अछनेरा में एक किसान की हत्या के मामले ने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया। गांव सहाई में घर में सो रहे 42 वर्षीय किसान धर्मवीर की सिलबट्टे से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात के करीब 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मृतक के भतीजे दुष्यंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में दुष्यंत का दोस्त शिवम भी शामिल था, जिसकी तलाश की जा रही है।

धर्मवीर अविवाहित थे और अपने घर में अकेले रहते थे। शुक्रवार सुबह जब वह रोज की तरह पशुओं को चारा डालने नहीं पहुंचे तो उनके भतीजे सौरभ ने फोन किया। कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर सौरभ उन्हें देखने घर पहुंचा। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो परिजनों ने दीवार कूदकर घर में प्रवेश किया।

अंदर कमरे में धर्मवीर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

रात में घर पहुंचकर किया हमला

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे दुष्यंत अपने दोस्त शिवम के साथ धर्मवीर के घर पहुंचा था। दोनों कथित तौर पर वहां छिपकर बैठे रहे। धर्मवीर के घर पहुंचने के बाद दोनों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि दुष्यंत ने सिलबट्टे से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

जांच के दौरान पुलिस को धर्मवीर की करीब तीन बीघा जमीन के बारे में भी जानकारी मिली, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, धर्मवीर ने कुछ समय पहले अपना खेत भी बेच दिया था और दुष्यंत के साथ उसका विवाद भी हुआ था।

हालांकि, पूछताछ में दुष्यंत ने पुलिस को बताया कि उसे आशंका थी कि उसका चाचा उसे मार देगा, इसलिए उसने हत्या कर दी। पुलिस इस दावे और हत्या के पीछे बताए जा रहे जमीन संबंधी विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मौके से मिला जूते का सुराग

फोरेंसिक जांच में घटनास्थल से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं। जांच के दौरान फर्श पर एक जगह काफी मात्रा में खून और आसपास खून के छींटे मिले। आंगन से कमरे के बीच एक फुटप्रिंट भी मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जूते पहन रखे थे और इसी फुटप्रिंट से उसके जूते का नंबर पता चला।

पुलिस ने दुष्यंत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी शिवम की तलाश जारी है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों को लेकर भी जांच कर रही है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles