spot_img
spot_img
Wednesday, August 12, 2026
spot_img

काशीपुर के जागरूक नागरिकों को हाउस टैक्स में मिलेगी छूट

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : मेयर दीपक बाली ने एक नई पहल शुरू करते हुए आवास विकास कॉलोनी के अग्रसेन पार्क में मंगलवार को स्वच्छता चौपाल का आयोजन किया। इस अवसर पर नए स्वच्छता गीत का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मेयर दीपक बाली ने नागरिकों के साथ शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने को लेकर संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था की चर्चा करना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार और भागीदार बनाना भी था। इस दौरान मेयर बाली ने कहा कि जागरूक नागरिकों को हाउस टैक्ट में 10 प्रतिशत की छूट दी जायेगी।

इस दौरान मेयर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम अकेले पूरे शहर को स्वच्छ नहीं रख सकता। शहर की सफाई व्यवस्था में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर का कचरा सड़क, नाली या खाली प्लॉट में डालने की बजाय उसे कूड़ा वाहन में ही डालें। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में नालियों में जमा प्लास्टिक और पॉलीथीन भी बड़ी बाधा बनते हैं। हाल की बारिश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पानी भरा जरूर लेकिन जनता ने देखा कि वह निकल भी जल्दी गया, जिसका एक कारण नगर निगम कर्मचारियों द्वारा नालियों से प्लास्टिक-पॉलीथीन निकालकर पानी की निकासी सुचारु करना रहा।

मेयर बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के काशीपुर के प्रति विशेष प्रेम के चलते काशीपुर के लिए लगभग 602 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार की गई है। इसके प्रथम चरण में रामनगर रोड से मुरादाबाद रोड तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए लगभग 220 करोड़ रुपये का टेंडर अपलोड किया जा चुका है और 10 सितंबर को इसे खोला जाना है।

उन्होंने कहा कि शहर की आबादी पिछले वर्षों में काफी बढ़ी है, जबकि पुराने समय की नालियां और नाले उसी अनुपात में हैं। ऐसे में बड़े स्तर की ड्रेनेज योजना के बिना जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं था। बाली ने कहा कि योजना के तहत नालों और नालियों को चौड़ा करने, बड़े नालों को पक्का करने तथा आवश्यक स्थानों पर स्लैब डालने जैसे कार्य किए जाएंगे।

मेयर बाली ने स्वच्छता चौपाल में नागरिकों के लिए प्रोत्साहन योजना की घोषणा करते हुए कहा कि जो परिवार घर से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को देंगे, उन्हें स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र दिया जाएगा और जो परिवार एक महीने में तीन स्वच्छ परिवार प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे उन्हें हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सूखा और गीला कचरा अलग रखने के लिए नगर निगम द्वारा प्रत्येक घर को दो डस्टबिन निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह अभियान वार्ड नंबर एक से शुरू किया गया है और लगभग साढ़े तीन महीने में घर-घर तक डस्टबिन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

महापौर ने बताया कि 15 अगस्त को नगर निगम परिसर में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद सुबह 11ः30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पुराने बाजार से होते हुए अल्ली खां चौक तक जाएगी, जहां लगभग 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के कार्यक्रम में नागरिकों के साथ सहभागिता की जाएगी। अतः अधिक से अधिक संख्या में नगर वासी इस तिरंगा यात्रा में शामिल हों।

इस मौके पर मुख्य नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट, एसआई गणेश ध्यानी, एसआई इकबाल, पार्षद पुष्कर बिष्ट, पार्षद संदीप सिंह मोनू, डॉ. आरसी शर्मा, अशोक धीमान, हरिपाल चौहान, जय नंदन गुरू, आनंद सिंह रावत, जेपी अग्रवाल, दीपक चौधरी, एमपी गुप्ता, अंकुर रस्तोगी, जीके अग्रवाल, पूनम बिष्ट, अंजली बिष्ट, पंकज जग्गा, भाव्या पांडे, सुशांत नवीन, दीवान सिंह, कृष्ण कुमार, अजय कंडारी, पीयूष प्रधान, हरीश राम आर्य, अंजु , रमा, रानी, आस्था शर्मा, गीता, रंजना, ज्योति, दुलार सिंह, हेमन्त भट्ट, लक्ष्मण दास, डॉ. वेद प्रकाश चौहान, प्रदीप चौहान, जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह, नीरज चौधरी, नरेश पाल यादव, लोकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles