हल्द्वानी (महानाद) : वीकेंड और गणेश चतुर्थी के चलते कैंची धाम, भवाली और भीमताल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नैनीताल पुलिस ने इन क्षेत्रों में यातायात को सुचारु रखने के लिए डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
पुलिस के अनुसार अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी की ओर जा सकेंगे।
वहीं, हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन अपने निर्धारित रूट से चल सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात का दबाव देखते हुए भवाली के मस्जिद तिराहे से पीछे रोका जा सकता है। ऐसे वाहन रामगढ़ या खुटानी मोटर मार्ग से भी अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल सेवा
भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले बाहरी जिलों और राज्यों के पर्यटकों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से स्थानीय शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
इसी तरह गेठिया-नैनीताल की ओर से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से शटल सेवा के जरिए कैंची धाम भेजा जाएगा।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं, पहाड़ से आने वाले चार पहिया वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दुपहिया पर रोक
पुलिस ने बताया कि अवकाश और वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दुपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।



