spot_img
spot_img
Friday, April 10, 2026
spot_img

विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेसियों ने किया काशीपुर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर रेलवे स्टेशन पर सुविधायें बढ़ाने और नई रेल गाड़ियां चलाये जाने को लेकर आज कांग्रेसियों ने रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन कर रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन मास्टर को सौंपा।

आपको बता दें कि महानगर कांग्रेस कमेटी ने रेल सुविधायें बढ़ाने के लिए जोरदार नारेबाजी करते हुए रेल मंत्री को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन स्टेशन मास्टर को सौंपा।

कांग्रेस की महानगर जिला अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ काशीपुर में रेल सुविधाओं की अनदेखी के लिए प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि काशीपुर रेलवे जंक्शन उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल का प्रवेश द्वार होने के कारण हजारों की संख्या में रेल यात्री प्रतिदिन राजधानी देहरादून ओर दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्थान करते हैं,लेकिन वर्तमान सुविधाओं के स्थान पर पूर्व की सुविधाओं को भी रेल मंत्रालय द्वारा कटौती किए जाने पर काशीपुर सहित पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा ने रेल मंत्रालय को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि रेल मंत्रालय काशीपुर के साथ दोहरा वर्ताव कर रहा है। उत्तराखंड के पांचों सांसद भाजपा के होने के बाबजूद काशीपुर में रेल सुविधाओं की अनदेखी समझ से परे है। कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी।

इस दौरान कांग्रेसियों ने काशीपुर के साथ सौतेला व्यवहार किए जाने पर गुस्सा जाहिर किया। रेल मंत्री को प्रेषित ज्ञापन में काशीपुर-रामनगर से देहरादून, हरिद्वार लखनऊ, इलाहाबाद, कोलकाता, पंजाब आदि के लिए ट्रेन व संचालित ट्रेनो में अतिरिक्त साधारण कोच लगाए जाने, प्रातः 11ः30 का आसपास काशीपुर- मुरादाबाद के लिए अतिरिक्त रेल, काशीपुर-चंडीगढ़ वंदे मातरम ट्रेन, काशीपुर- जसपुर- धामपुर प्रस्तावित रेल लाइन आरंभ किए जाने, हेमपुर डिपो में ट्रेन स्टॉपेज, स्टेशन प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा की दृष्टि से मेटल डिटेक्टर, बुजुर्ग-विकलांग सहित सभी रेल यात्रियों के लिए एस्केलेटर, पूर्व में संचालित बंद पड़ी ट्रेनों को आरंभ किए जाने, अनारक्षित गाड़ियों में अतिरिक्त कोच आदि सहित 11-सूत्री ज्ञापन प्रेषित किया।

इस दौरान मनोज जोशी एडवोकेट, उमेश जोशी एडवोकेट, हरीश सिंह एडवोकेट, विमल गुड़िया, इन्दू मान, मुशर्रफ हुसैन, जफर मुन्ना, संजय चतुर्वेदी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles