spot_img
spot_img
Wednesday, March 11, 2026
spot_img

गैस सिलेंडर की कमी की खबरों के बीच आगे आये डीएम उधम सिंह नगर, दिया ये बयान

विकास अग्रवाल
रुद्रपुर (महानाद) : डीएम उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया ने गैस सिलेंडर की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जनपदवासियों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

डीएम भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ आपूर्ति को सुचारु बनाये रखने के संबंध में बैठक की। उन्होंने बताया कि जनपद में सभी गैस एजेंसियों पर उपजिलाधिकारियों द्वारा भ्रमण किया जा रहा है और जनता को सही जानकारी दी जा रहीं है कि आपूर्ति में किसी तरह का कोई संकट नहीं है। अनावश्यक परेशान न हो एवं किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस की कालाबाजारी, ओवर रेटिंग, रिफिलिंग करने वालों पर सख्त कार्यवाही की करना सुनिश्चित करें।

डीएम ने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता से अधिक गैस सिलेंडर का भंडारण करने से बचें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद के प्रत्येक उपभोक्ता तक गैस की आपूर्ति नियमित रूप से पहुंचती रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि गैस एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए। यदि किसी भी नागरिक को गैस वितरण से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह संबंधित एजेंसी या प्रशासन को सूचित कर सकता है, ताकि त्वरित समाधान किया जा सके।

डीएम भदौरिया ने जनपदवासियों से अपील की कि वे धैर्य और सहयोग बनाए रखें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रशासन जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव प्रयास कर रहा है, जिससे गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, एसेट हैड अडानी गैस सुधांक सक्सेना, सेल्स ऑफिसर एलपीजी भारत पेट्रोलियम मनीष कुमार, सेल्स ऑफिसर एलपीजी इंडियन ऑयल हर्षित पंत, सेल्स ऑफिसर एलपीजी हिंदुस्तान पेट्रोलियम राकेश राय, विदित चौधरी, मनीषा खींचड़, कैलाश चंद्र गर्ग आदि उपस्थित थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles