spot_img
spot_img
Saturday, February 21, 2026
spot_img

हैवानियत : प्रेमी जोड़े का मुंह काला कर सिर पर मारे जूते, निकाला जुलूस

आगरा (महानाद) : अछनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम जखा में पंचों के तुगलकी फरमान के बाद प्रेमी जोड़े को जूते की माला पहनाई गई। मुंह काला करके सिर पर जूते मारे गए। उसके बाद गांव में जुलूस निकाला गया। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में मामला सही पाया गया है। आरोपी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बता दें कि गांव महुअर के मजरा ग्राम जखा निवासी एक विवाहित महिला के गांव के एक युवक से प्रेम संबंध थे। बात खुलने पर महिला के घर में लड़ाई झगड़ा होने लगा। जिसके बाद महिला का पति उसे लेकर शहर में ताजगंज के तोरा चैकी क्षेत्र में रहने लगा। सात दिन पहले महिला अपने प्रेमी के साथ गायब हो गई। शुक्रवार की सुबह प्रेमी अपनी प्रेमिका को लेकर गांव में पहुंचा। दोनों एक ही बिरादरी से हैं। इस बात पर गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया जिसके बाद गांव में पंचायत बैठी। आरोप है कि पंचायत में मौजूद पंचों ने फरमान सुनाया कि दोनों को जूते की माला पहनाकर मुंह काला करके पूरे गांव में जुलूस निकाला जाए। इसी बीच किसी ने यह मांग रखी कि प्रेमी का सिर भी मुंडवा दिया जाए। ताकि लोग इससे सबक लें। कोई किसी के घर में बहन-बेटियों को प्रेम जाल में नहीं फंसाए। ऐसा ही हुआ। भीड़ में शामिल लोगों ने पहले दोनों को जूते की माला पहनाई। उसके बाद उनके चेहरे काले कर दिए। इतना ही नहीं महिला और उसके प्रेमी के सिर पर पांच-पांच जूते भी मारे और नारे लगाते हुए दोनों का गांव में जुलूस निकाला। कुछ लोगांे ने इस घटना का वीडियो बनाया और गांव के ही किसी युवक ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो पुलिस तक पहुंच गया। वीडियो 48 सेकेंड का है। वीडियो में एक युवक महिला के चेहरे से जबरन घूंघट हटा रहा है। कुछ लोग बोल रहे हैं कि अब कौन सी लाज मार रही है। इसके बाद प्रेमी प्रेमिका के चेहरे पर कालिख पोत दी जाती है। उसके बाद में उनके सिर पर जूते मारे जाते हैं। वीडियो में कई लोग दिख रहे हैं।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles