विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : खड़कपुर देवीपुरा निवासी एक युवक ने अपने ससुरालियों पर उसकी व उसकी मां की पिटाई करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
वैशाली कालोनी, खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर निवासी एक युवक ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उसकी शादी दिनांक 23.04.2024 को अंशु चौहान पुत्री हुकुम पाल सिंह निवासी ढाक वाला मझरा, सहसपुरी, तहसील ठाकुरद्वारा, जिला-मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश से हुई थी और तभी से उनका आपसी विवाद होता रहता है।
युवक ने बताया कि दिनांक 07.01.2026 की दोपहर के लगभग 12ः30 बजे उसके घर पर उसकी पत्नी के पिता हुकुम सिंह, मुकेश चौहान, अमन चौहान, राखी चौहान, राजबाला, अंकित चौहान व अन्य रिश्तेदार 4 गाड़ी भरकर आये और जबरदस्ती घर में घुस आये। इन लोगों ने आते ही उसे अकेला देखकर उसके साथ लात-घूंसों व बैल्टों से मारपीट व गाली-गलौज शुरू कर दी। उसकी माता बीच-बचाव करने आयी तो उक्त लोगों ने उसकी माता के साथ भी बदसलूकी की और हाथापाई की।
युवक ने बताया कि उसकी माता के हाथों पर उसे बचाते हुए बैल्टें लगीं, जिससे उसकी माता के हाथ पर चोट आयी है। उसके भी सिर पर गले पर खुली चोट आयी है व अन्य जगह शरीर पर गुम चोटें आयी हैं। उसने सहायता के लिए पुलिस को कॉल करनी चाही तो अंकित चौहान व उक्त सभी ने साथ मिलकर उसका मोबाइल उससे छीन लिया और अपने साथ ले गये तथा जाते जाते इन लोगों ने उन्हें भविष्य में देख लेने व जान से मारने की धमकी दी है।
युवक ने बताया कि उसे अपने ससुरालियों से जान-माल का खतरा बन गया है। यदि उसे या उसके परिवार के किसी सदस्य को कुछ भी होता है तो उसके जिम्मेदार उक्त सभी लोग होगें।
मुख्यमंत्री के आदेश पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने उक्त 6 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 332(सी), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई मीनाक्षी मनराल के सुपुर्द की है।



