spot_img
spot_img
Friday, April 3, 2026
spot_img

काशीपुर-जसपुर से 20 किमी कम हो जायेगी हरिद्वार की दूरी, बचेगा पौन घंटा

देहरादून/नई दिल्ली (महानाद) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर राज्य से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर कुमाऊँ और गढ़वाल के मध्य दूरी एवं समय कम करने के लिए नजीबाबाद- अफजलगढ़ बाई पास (लम्बाई 42.50 किमी.) की स्वीकृति प्रदान की गयी। बाई पास बनने से कुमाऊँ गढवाल के बीच की दूरी 20 किमी. कम हो जायेगी तथा आवागमन में कम से कम 45 मिनट की बचत होगी।
बता दें कि अभी तक नजीबाबाद से अफजलगढ़ की दूरी 69 किमी है। लेकिन यह मार्ग नगीना-धामपुर-शेरकोट-भूतपुरी जैसे छोटे-छोटे कस्बों से होकर गुजरता है। यातायात का दबाव अधिक होने के कारण बहुत अधिक समय लग जाता है। केंद्र ने 42.30 किलोमीटर के नजीबाबाद-अफजलगढ़ फोरलेन बाईपास को मंजूरी दे दी है। इसे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के रूप में विकसित किया जाएगा। एक्सप्रेसवे बन जाने से गढ़वाल-कुमाऊं की दूरी पौन घंटा कम हो जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से 799.66 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
बाईपास बनने से अब यह दूरी मात्र 42.30 किमी रह जाएगी, जो कुछ ही मिनटों में तय हो जाएगी। देहरादून, हरिद्वार से जसपुर, काशीपुर, हल्द्वानी, नैनीताल जाने वाले लोगों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। इस प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि पूरे प्रोजेक्ट का निर्माण उत्तर प्रदेश की सीमा में होना है। ऐसे में जमीन अधिग्रहण और दूसरी तमाम औपचारिकताओं से भी प्रदेश सरकार को दो-चार नहीं होना पड़ेगा।
नजीबाबाद-अफजलगढ़ फोरलेन बाईपास की केंद्र के सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की ओर से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। योजना पर लोनिवि कार्य करेगा। इस फोरलेन एक्सप्रेसवे को ग्रीन फील्ड के तौर पर विकसित किया जाएगा। इससे गढ़वाल-कुमाऊं के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles