केलाखेड़ा : तो इसलिए की थी जोगेन्द्रो बाई और गुरमीत सिंह की नृशंस हत्या

0
1189

विकास अग्रवाल
केलाखेड़ा (महानाद) : अथक प्रयासों के बाद उधम सिंह नगर पुलिस ने बौर नदी में मिले दो लोगों (जोगेन्द्रो बाई और गुरमीत सिंह) के कटे हुए अंग मिलने के मामले में खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी उधम सिंह नगर डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जहां महिला की हत्या पारिवारिक रंजिश व जमीन जायदाद को लेकर की गई थी तो वहीं योजना में शामिल न होने पर दूसरे व्यक्ति की भी हत्या कर पहचान छुपाने के लिए शवों के टुकड़े-टुकड़े कर नदी में बहा दिया गया था। अभियुक्तों ने हत्या के सबूतों को मिटाने की हर संभव कोशिश की थी लेकिन केलाखेड़ा पुलिस द्वारा किये गये अथक प्रयास के बाद सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए दो लोगों को हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

Advertisement

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि दिनाँक 06.06.2023 को परमजीत कौर पुत्री सतनाम सिंह निवासी ग्राम रम्पुराकाजी ने केलाखेड़ा थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बुआ जोगेन्द्रो बाई (उम्र 45 वर्ष) पुत्री स्व. नारायण सिंह निवासी ग्राम रम्पुराकाजी, केलाखेड़ा जो खेतों के बीच एकांत में बने अपने घर पर अकेली रहती थी। दिनांक- 05.06.2023 की रात्रि में उनकी दादी बुआ जोगेंद्रो बाई जो अपने घर के आँगन में चारपाई पर सोई हुई थी, अगले दिन घर में नहीं मिली। चारपाई पर बिस्तर लगा हुआ था। प्राप्त सूचना के आधार पर जोगेन्द्रो बाई की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरु की गई। दिनांक 07.06.2023 को ग्राम रम्पुराकाजी के निकट बोर नदी में पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान चलाया गया तो नदी के अंदर से कुछ कपड़े व तीन मानव अंग, एक दाहिने पैर की जाँघ से नीचे की टांग व एक बाएं पैर की जाँघ के नीचे की कटी टाँग व एक दाहिने पैर का ऐड़ी से नीचे कटा हुआ पंजा बरामद हुआ। बरामद मानव अंगों में से दो कटी हुई टांगों व कपड़ों के आधार पर उक्त शव की शिनाख्त जोगेन्द्रो बाई के रूप में हुई और मृतका की पुत्री सोनम कौर ने अपनी माँ जोगेन्द्रो की हत्या करने एवं साक्ष्य छिपाने के सम्बन्ध में थाना केलाखेड़ा में धारा- 302/201 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज करवाया।

मामले की जांच थानाध्यक्ष केलाखेड़ा द्वारा की गई। इसी बीच जानकारी मिली कि एक व्यक्ति गुरमीत सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी ग्राम टुकड़ी बिचवा, नानकमत्ता जिला उधम सिंह नगर जो पिछले 6 माह से ग्राम रम्पुराकाजी में अपनी बेटी के ससुराल में रह रहा था, वह भी दिनांक- 05.06.2023 की रात्रि से गुमशुदा है। जिसके पुत्र सोनू सिंह द्वारा बौर नदी से बरामद मानव अंगों में से कटे हुए पैर के पंजे को देखकर उसे अपने पिता गुरमीत सिंह के होने का शक जाहिर किया। इस प्रकार दूसरे मानव अंग की शिनाख्त गुरमीत सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी नानकमत्ता हाल निवासी ग्राम रम्पुराकाजी के रूप में हुई। बरामद तीनों मानव अंगों का पंचायतनामा व पोस्टमार्टम करवाया गया एवं स्टेण्डर्ड डीएनए सैंपल लिए गए।

जनपद में घटित उक्त जघन्य हत्याकांड की गम्भीरता को देखते हुए घटना के अनावरण हेतु एसएसपी मंजूनाथ टीसी द्वारा एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के तथा एपी काशीपुर अभय प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण एवं सीओ बाजपुर के मार्गदर्शन में अलग- अलग कार्यों हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। शेष मानव अंगों की बरामदगी हेतु जल पुलिस, एसडीआरएफ, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाअड व एसओजी के साथ मिलकर संयुक्त रूप से बोर नदी एवं आस पास के सरहदी थाना क्षेत्रों में भी सर्च अभियान चलाया गया। सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये एवं गाँव व आस-पास के लगभग 100-150 व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान जानकारी मिली कि गुमशुदा गुरमीत सिंह को दिनांक- 05.06.2023 को धर्मेंद्र सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम रम्पुराकाजी थाना केलाखेड़ा के साथ अंतिम बार देखा गया था। यह भी जानकारी मिली कि दिनांक- 05.06.2023 की शाम को गुरदेव सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह व धर्मेन्द्र सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासीगण ग्राम रम्पुराकाजी को रात्रि में साथ में देखा गया था। गुमशुदा गुरमीत सिंह गुरदेव सिंह का ससुर था। गुरदेव सिंह व धर्मेन्द्र सिंह घटना के बाद से ही गांव में दिखाई नहीं दिए तो उनकी संदिग्धता और अधिक प्रतीत हुई। उक्त संदिग्धों गुरदेव एवं धर्मेन्द्र के मोबाइल नंबरों की सीडीआर प्राप्त कर विश्लेषण किया गया एवं बोर नदी के आस-पास का डम्प डाटा लिया गया।

एसएसपी ने बताया कि सीडीआर के विश्लेषण एवं पूछताछ के आधार पर गुरदेव सिंह एवं धर्मेन्द्र सिंह द्वारा अपने जुर्म का इकबाल किया गया। जिन्होंने बताया कि मृतका जोगेंद्रो कौर अपने लालच के चलते अपनी ही बिरादरी के लोगों की जमीन गिरवी रख करउस जमीन को गैर धर्म के व्यक्ति को दे देती थी और उस गैर धर्म के व्यक्ति के उसके साथ गलत सम्बन्ध थे। जिससे कि हमारी बिरादरी की बदनामी हो रही थी। इसी बात से क्रोधित हो कर हम दोनों ने योजना बना ली कि दिनांक 05.06.2023 की रात जोगेंद्रो की हत्या करेंगे। इसी बीच दूसरा मृतक गुरमीत सिंह जो की हमारी योजना की जानकरी रखता था, ने हमको जोगेंद्रो कौर की हत्या करने पर पुलिस को सूचना देने की धमकी दी और उस योजना में व्यवधान डालने की कोशिश की। जिस पर हम दोनों ने उसी रात को 9 बजे सबसे पहले परने से गुरमीत का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और उसकी लाश को उठाकर नदी के किनारे झाड़ियों में रख दिया। फिर हम दोनों ने जोगेंद्रो कौर को विश्वास में ले कर घर के पीछे बुला लिया। जिस पर वह चुपचाप हमारे साथ चल दी और खरले पर पहुँचते हम दोनों ने जोगेंद्रो कौर का भी परने से गला घोंट कर उसको वहीं पर मार दिया। फिर हम उसकी लाश को उठाकर नदी में उसी स्थान पर ले गये जहाँ पर गुरमीत की लाश पड़ी थी और दोनों लाशों को पानी में डाला, फिर हम दोनों लाशों को खींचकर हरवंश के खेतों के पास नदी किनारे एक उचले स्थान पर ले गये और फिर हम दोनों ने उन दोनों लाशों के हाथ, पैर, सिर, धड़ काट- काट कर अलग किया और उन टुकड़ों को नदी की बीच धारा में बहा दिया और उस कुल्हाड़ी एवं पाठल को थोड़ा सा अलग जगह पर पानी के अंदर झाड़ियों के नीचे छुपा दिया और रात करीब 2 बजे हम लोग वापस अपने-अपने घर आये। अगले दिन सुबह करीब दस बजे हम दोनों उसी स्थान पर जा कर बचा हुआ खून को अच्छे से धो कर साफ कर दिया ताकि वहाँ कुछ दिखाई न दे।

गिरफ्तारशुदा अभियुक्त –
1- धर्मेन्द्र पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम रम्पुराकाजी थाना केलाखेड़ा, ऊधम सिंह नगर उम्र- 25 वर्ष
2- गुरदेव सिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासी ग्राम रम्पुराकाजी, थाना केलाखेड़ा, ऊधम सिंह नगर उम्र-30 वर्ष

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here