spot_img
spot_img
Thursday, January 29, 2026
spot_img

अपहरण की कहानी निकली झूठी, सास-ससुर और पति ने की थी रिया की हत्या, कारण जानकर आप रह जायेंगे हैरान

गाजियाबाद (महानाद) : सिद्धार्थ विहार से लापता हुई रिया का शव बरामद करने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए रिया की हत्या के आरोप में उसके सास-ससुर व पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बलकटी व स्कूटी बरामद कर जेल भेज दिया।
मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी प्रथम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि रिया की हत्या उसके पति आकाश त्यागी, सास ऊषा त्यागी और ससुर सुरेश त्यागी ने की थी। आरोपी मूलरूप से सिहानी रोड स्थित विद्या विहार के रहने वाले हैं और वर्तमान में सिद्धार्थ विहार की प्रतीक ग्रांड सोसाइटी में रह रहे हैं। सीओ ने बताया कि आकाश त्यागी का मध्य प्रदेश के इंदौर की 78 योजना विजय नगर कालोनी निवासी वाली रिया जैन से वर्ष 2015 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से मार्च 2021 में दोनों की शादी हो गई थी। लेकिन शादी में दहेज न मिलने से आकाश के मां-बाप इस शादी से खुश नहीं थे और वे दहेज के लिए रिया का उत्पीड़न करते थे। जिसको लेकर उनका रिया से आए दिन झगड़ा होता रहता था।
हत्यारोपित रिया के ससुर सुरेश ने पुलिस को बताया कि एक दिन झगड़े के दौरान रिया ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था। जिसके बाद उन्होंने पत्नी ऊषा के साथ मिलकर रिया की हत्या की साजिश रच डाली।
विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि रिया को पेट दर्द की शिकायत रहती थी। इसी बात का फायदा उठाकर सुरेश ने उसका अल्ट्रासाउंड कराने की बात कही। अल्ट्रासाउंड के बहाने सास रिया को बाहर ले गई। साजिश के तहत ऊषा अपनी पुत्रवधु रिया को घर से आटो में लेकर संजयनगर स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंची। यहां ससुर सुरेश पहले से मौजूद था। सेंटर तब तक बंद हो चुका था। इसके बाद सास-ससुर ने रिया को घुमाने की बात कही और उसे स्कूटी पर बैठाकर संजयनगर से मुरादनगर ले गए। रास्ते में सास-ससुर ने रिया को खाने के साथ कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और जब बेहोश हो गई तो शहजादपुर गांव में ले जाकर बलकटी से उनका सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। और रिया के धड़ को ईंख के खेत में और कटे हुए सिर को गंगनहर में फेंक दिया।
ऊषा और रिया को संजयनगर भेजने के लिए आकाश ने ही आटो बुक किया था। रिया की हत्या के बाद जब सुरेश और ऊषा घर लौट आए तो आकाश ने यूपी-112 पर काल कर अपनी पत्नी रिया के अपहरण की सूचना पुलिस को दी। आकाश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी रिया उसकी मां ऊषा के साथ बाजार जा रही थी, इसी दौरान कार सवार बदमाश उसका अपहरण कर ले गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि रिया का भाई राहुल यहां से कुछ लोगों से पैसे उधार लेकर मध्य प्रदेश भाग गया है। राहुल पर पैसा लौटाने का दबाव बनाने के लिए सूदखोरों ने उसकी बहन को अगवा कर लिया है। यह कहानी पुलिस के गले नहीं उतरी और शुरुआती शक गहराने पर पुलिस ने तीनों को थाने बुलाकर सख्ती से पूछताछ की। इसपर आरोपी टूट गए और उन्होंने पुलिस के आगे सारी सच्चाई उगल दी।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles