spot_img
spot_img
Tuesday, February 24, 2026
spot_img

मेयर का काम विकास करना है, गुंडागर्दी खत्म करने को है प्रशासन : आदेश चौहान

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : जसपुर विधायक ने भाजपा प्रत्याशी दीपक बाली के गुंडागर्दी को लेकर दिये गये बयान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मेयर का काम विकास करना है, गुंडागर्दी खत्म करने को प्रशासन है। भाजपा प्रत्याशी का गुंडागर्दी संबंधी बयान प्रशासन का अपमान है

जसपुर विधायक आदेश चौहान ने भाजपा मेयर प्रत्याशी को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि उन्हें राजनीति की तनिक भी जानकारी नहीं है। यदि होती तो वे अनर्गल बयानबाजी के बजाय काशीपुर के विकास की बात करते। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा की जा रही बेसिर-पैर की बयानबाजी से स्पष्ट होता है कि उनका मकसद किसी भी तरह से मेयर की सीट पर काबिज होना है, लेकिन जनता इस मकसद को कामयाब नहीं होने देगी।

आदेश चौहान ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रचार के दौरान बाली लगातार अपना स्टेटमेंट दे रहे हैं कि गुंडागर्दी नहीं होने दूंगा, लव जिहाद नहीं होने दूंगा… आदि-आदि। उन्होंने तीखे शब्दों में भाजपा मेयर प्रत्याशी और काशीपुर की जनता से सवाल किया कि बतायें, एक मेयर के संवैधानिक अधिकार एवं कर्तव्य क्या हैं? साथ ही अपने सवाल का जवाब भी जसपुर विधायक चौहान ने खुद ही दिया।

उन्होंने कहा कि मेयर का संवैधानिक अधिकार एवं कर्तव्य अपने क्षेत्र का विकास करना है। गुंडागर्दी और लव जिहाद जैसे मामलों पर लगाम कसने की जिम्मेदारी पुलिस एवं प्रशासन की है। चौहान ने कहा कि काशीपुर में विकास का वह पहिया पूरी तरह थम गया, जिसे विकास पुरुष पं. नारायण दत्त तिवारी ने गति प्रदान की थी। चौहान ने कहा कि बेहतर होता यदि भाजपा मेयर प्रत्याशी विकास के मुद्दे पर कुछ कहते। विधायक चौहान ने कहा कि गुंडागर्दी संबंधी बयान पुलिस एवं प्रशासन को लगातार अपमानित कर रहा है। क्योंकि गुंडागर्दी रोकने का काम पुलिस एवं प्रशासन का है और प्रशासन अपना कार्य पूर्ण कर्तव्य निष्ठा से कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा मेयर प्रत्याशी को अपने इस बयान के लिए प्रशासन एवं आम जनता से माफी मांगनी चाहिए।

जसपुर विधायक ने दो टूक कहा कि यदि भाजपा मेयर प्रत्याशी में हिम्मत है तो वह बतायें कि बीस वर्षों में भाजपा ने काशीपुर में विकास के कौन से कीर्तिमान स्थापित किये। उन्होंने कहा कि काशीपुर का विकास कांग्रेस पार्टी द्वारा ही किया गया, जिसे भाजपा ने अवरुद्ध कर दिया। इस अवरुद्ध विकास को कांग्रेस का मेयर ही गति दे सकता है। उन्होंने काशीपुर के मतदाताओं से आहवान किया कि भाजपा के बहकावे से दूर रहकर आने वाली 23 जनवरी को अधिक से अधिक वोट देकर संदीप सहगल को अपना मेयर चुनें और काशीपुर में विकास का मार्ग प्रशस्त करें।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles