spot_img
spot_img
Wednesday, March 18, 2026
spot_img

मोदी के जन्मदिन पर भारत ने तोड़ा वैक्सीनेशन का वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक दिन में लगी 2.50 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन

नई दिल्ली (महानाद) : भारत ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 71वें जन्मदिन पर अनोखे अंदाज में बधाई दी। इस दौरान देश में वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड बन गया। कल मात्र 17 घंटे में ही ढाई करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगा दी गई। रात्रि एक बजे तक 2,51,21,261 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। देश में हर घंटे 14.77 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। इसके लिए देश में 1,09,686 वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को देखते हुए भाजपा ने भी ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीनेशन केंद्रों तक पहुंचाने का अभियान चलाया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर रिकॉर्ड टीकाकरण पर देश को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘आज के रिकॉर्ड टीकाकरण पर हर भारतीय को गर्व होगा। मैं अपने डॉक्टरों, इनोवेटर्स, प्रशासकों, नर्सों, हेल्थ और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं, जिन्होंने टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। हमें कोरोना को हराने के लिए टीकाकरण को ऐसे ही बढ़ावा देते रहना है।

मोदी ने कहा कि मैं प्रत्येक कार्यकर्ता और शुभचिंतक की सराहना करना चाहता हूं जिन्होंने अपनी सक्रिय भागीदारी से सेवा और समर्पण अभियान को समृद्ध किया है। मुझे लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के उनके निरंतर प्रयासों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि हर उस व्यक्ति का जिसने आज मुझे शुभकामनाएं दी हैं, मैं अपने दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। यह मुझे हमारे प्यारे देश के लिए और भी अधिक मेहनत करने की शक्ति देता है।

बता दें कि देश में कोरोना के खिलाफ चल रहे वैक्सीनेशन को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही वैक्सीनेशन का आंकड़ा 100 करोड़ के पार पहुंच सकता है। सूत्रों के मुताबिक, अक्तूबर के मध्य तक देश में कोरोना वैक्सीन की सौ करोड़ टीके की खुराक लगाई जा सकती है। इसमें वैक्सीन की पहली और दूसरी दोनों डोज शामिल हैं।

विदित हो कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी कई रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। वे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले पहले गैर कांग्रेसी नेता हैं। शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में 7 साल 113 दिन पूरे कर लिए। लगातार दो बार बहुमत के साथ गैर कांग्रेसी सरकार बनाने का श्रेय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौरान मोदी पर अमेरिका आने की रोक लगाई गई थी तो 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद वो सबसे ज्यादा सात बार अमेरिका जाने वाले प्रधानमंत्री बन गए। 24 सितंबर को वे 8वीं बार अमेरिका का दौरा करेंगे।

17 सितंबर 1950 को गुजरात के मेहसाणा जिले के वडनगर में नरेंद्र दामोदर दास मोदी का जन्म हुआ था। मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं जिनका जन्म आजादी के बाद हुआ। 60 के दशक के आखिरी वर्षों में उन्होंने आरएसएस की स्थायी सदस्यता ली। उन्होंने संघ में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। उसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। फिर उन्होंने भाजपा में अलग-अलग पदों पर रहते हुए काम किया। वर्ष 2001 में उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया। उसके बाद वर्ष 2014 में वो देश के प्रधानमंत्री बने।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles