विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन सुखविन्दर सिंह ने राजा पहलवान नाम के आदमी पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन सुखविन्दर सिह पुत्र हरविन्दर सिंह ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 15.09.2026 को उनके विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जितेन्द्र सिह उर्फ जीतू पुत्र कुलवंत सिह निवासी ग्राम गिरधई, काशीपुर के विरुद्ध एक तहरीर दी गई थी, उसके बाद से ही उन पर विभिन्न माध्यमों से दबाब बनाने का प्रयास किया गया।
सुखविन्दर सिंह ने बताया कि दिनांक 16.09.2026 समय करीब 2.51 बजे दोपहर को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सअप कॉल आई। कॉल करने वाले ने जान से मारने की धमकी देते हुये घमकी के अंदाज में कहा कि जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू के खिलाफ जो भी कानूनी कार्यवाही की है, उसे वापस ले लो, वरना जान से मार देंगे और जान माल का खतरा भी आपको बना रहेगा।
सुखविन्दर सिंह ने बताया कि फोन करने वाले ने अपना नाम राजा पहलवान बताया, वह व्याक्ति जीतू को अपना बड़ा भाई बता रहा था। यह व्यक्ति उन्हें व उनके परिवार को मार सकता है। वह तब से बहुत घबराये हुए हैं। उन्होंने फोन धारक व इससे जुड़े लोगों के सम्बन्ध मे जाँच कर कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर राजा पहलवान के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई हरविन्द्र कुमार के सुपुर्द की है।
क्या है मामला?
आपको बता दें कि 2 बच्चों की फीस जमा न होने के कारण एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी द्वारा उन्हें परीक्षा देने से रोकने पर किसान नेता जितेन्द्र सिंह जीतू विद्यालय गये थे, जिसके बाद स्कूल प्रधानाचार्य ने आईटीआई कोतवाली में तहरीर देकर जितेन्द्र सिंह जीतू पर विद्यालय स्टाफ को धमकाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की थी।
वहीं जितेन्द्र सिंह जीतू ने आईटीआई कोतवाली में घरना प्रदर्शन कर एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी के चेयरमैन हरविन्दर सिंह ने उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है और प्रेस वार्ता कर धमकी की ऑडियो भी रिलीज की है।
#ek_onkar_global_academy_news



