रामनगर : मां-बाप, भाई-बहन ने ही मिलकर किया था भूपाल का कत्ल, पिता और भाई गिरफ्तार

0
1064

सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : कोतवाली पुलिस ने भूपाल सिंह हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक के पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि विगत 14.06.2022 को मृतक भूपाल सिंह बिष्ट उर्फ रोहित ठाकुर पुत्र मोहन सिंह बिष्ट निवासी सावल्दे पश्चिम, रामनगर जिला नैनीताल को उसके परिजनों द्वारा मृत अवस्था में सरकारी अस्पताल रामनगर में भर्ती करवाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो मृतक की हत्या गला काटकर करना प्रतीत हुआ। परन्तु उक्त सम्बन्ध में मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर या अन्य कोई सूचना थाने में नहीं दी गई।

Advertisement

उक्त घटना के सम्बन्ध में पुलिस द्वारा जांच प्रारम्भ की गयी तो प्रथम दृष्टया मृतक भूपाल सिंह बिष्ट की हत्या उसके परिजनों द्वारा किया जाना प्रकाश में आया। जिसके बाद एसआई बीसी मासीवाल द्वारा उक्त घटना के सम्बन्ध में विस्तृत विवेचना हेतु एफआईआर नं. 221/2022 धारा 302/201 भादवि पंजीकृत कराया गया। मामले की विवेचना कोतवाल अरुण कुमार सैनी द्वारा स्वयं की गयी।

विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि मोहन सिंह पुत्र स्व. जीत सिंह निवासी सावल्दे पश्चिम, रामनगर के 3 बच्चे हैं। जिनमें सबसे बड़ा भूपाल सिह बिष्ट उर्फ रोहित ठाकुर, दूसरे नम्बर का दीपक बिष्ट तथा तीसरे नम्बर की बहन किरन बिष्ट हैं। घर में मृतक भूपाल सिंह की मां राधा देवी तथा ताऊ आनंद सिह भी साथ ही रहते हैं। मृतक का भाई दीपक बिष्ट राधे हरि डिग्री कालेज काशीपुर में संविदा अनुसेवक है तथा वहीं कालेज में कैम्पस में ही रहता है और छुट्टी के दिन एवं शनिवार-रविवार को ही घर आता जाता है।

मृतक भूपाल सिंह घर के बंगल में ही परचून /सब्जी की दुकान चलाता था तथा विगत तीन साल से स्मैक पीने का आदि हो गया था तथा अक्सर घर से पैसे की डिंमाड करता था। पैसे न देने पर घर वालों से गाली गलौच व मार पीट करता था। मृतक भूपाल सिंह इस कदर नशे की गिरफ्त में आ चुका था कि उसे अच्छा बुरा कुछ समझ में नहीं आता था। उसके घर वालों ने कई बार उसे नशा मुक्ति केन्द्र भेजा था। नशा मुक्ति केन्द्र से आने के बाद कुछ दिन ठीक रहता था लेकिन फिर नशा करने लग जाता था।

दि0 11/6/2022 को मृतक ने शाम को घर में झगडा किया तथा अपने ताऊ आनंद सिह के साथ मार-पीट कर अंगूठा काट दिया था, जिसमे 5-6 टांके आये थे। जिस सम्बन्ध में मोहन सिंह ने थाना रामनगर में मृतक भूपाल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट लिखायी थी। जब घटना की जानकारी मृतक की बहन किरन ने अपने दूसरे भाई दीपक बिष्ट को दी तो वह दिनांक 12/6/2022, रविवार के दिन काशीपुर से सुबह 8 बजे अपने घर सावल्दे पहुंचा तो घऱ आते ही मृतक रोहित ठाकुर ने दीपक बिष्ट से झगडा किया और उसके साथ मारपीट की और फिर घर से बाजार की तरफ चला गया।

मृतक भूपाल सिंह ने उस दिन भी शाम को घर में झगड़ा फसाद किया। दूसरे दिन दिनांक 13/06/2022 को रात्रि के लगभग 10 बजे भूपाल सिंह घर पर आया और घर में लड़ाई झगडा मारपीट करने लगा और कहने लगा कि सालों तुमने मेरी रिपोर्ट करायी है। मैं तुम सब को देख लूंगा। और अपनी मां, बहन, पिता, ताऊ व अपने भाई दीपक बिष्ट को लात घूंसो से मारने लगा, तो मोहन सिंह ने कहा कि इस साले को जान से मार देते हैं।

फिर मृतक के पिता मोहन सिंह, बहन किरन तथा मां राधा देवी ने मृतक भूपाल सिंह के गले पर सब्जी काटने वाले चाकू से 2 प्रहार किये जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी। उसके बाद सबने मिलकर भूपाल की लाश अपने घर के गेट से बाहर सड़क पर फेंक दी। फिर फंस जाने के डर से दुनिया को दिखाने के लिये मोहन सिंह डायल 108 से भूपाल की लाश को अस्पताल लेकर गये तथा उसकी लाश को सीएचसी रामनगर में मोरचरी में रखवा दिया और दीपक को घर से भगा दिया। दुनिया को दिखाने के लिए दीपक बिष्ट काशीपुर से अगले दिन पुनः रामनगर आ गया।

उक्त घटना में मोहन सिंह, दीपक बिष्ट, राधा देवी तथा किरन की संलिप्तता प्रकाश में आने पर आज दिनांक 10.7.2022 को अभियुक्त मोहन सिंह तथा दीपक बिष्ट को सावल्दे में अपने घर के बाहर से जब वे कहीं भागने की फिराक में थे, गिरफ्तार कर लिया तथा उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त किया गया चाकू बरामद कर लिया। अभियुक्तों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस टीम में कोतवाल अरुण कुमार सैनी, एसएसआई प्रेमराम विश्वकर्मा, एचसीपी नन्दन सिंह नेगी, कां. हेमन्त सिंह, भूपेन्द्र सिंह, गगन भण्डारी तथा राजेन्द्र पुण्डीर शामिल थे।