रिटायर्ड टीचर ने पुत्रों के साथ मिलकर भाजपा नेता के घर में घुसकर की मारपीट

0
244

मसवासी (महानाद) : एक रिटायर्ड टीचर ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर भाजपा नेता पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी डंडों के ताबड़तोड़ प्रहार से भाजपा नेता व उनके बुजुर्ग पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने भाजपा नेता की तहरीर के आधार पर रिटायर्ड शिक्षक व उनके पुत्रों सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

बता दें कि स्वार क्षेत्र के उपनगर मसवासी के मुख्य बाजार में भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार का घर है। उनके पड़ोस में रिटायर्ड शिक्षक रामऔतार देवल का भी घर है। जिनके द्वारा पिछले कई दिनों से भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार के घर के दरवाजे पर टोटके की सामग्री डाली जा रही थी। हालांकि भाजपा नेता लगातार पानी डालकर सामग्री को बहाते रहे।

Advertisement

रविवार को भाजपा नेता पवन कुमार किसी व्यवसायिक कार्य से करनाल जा रहे थे। जैसे ही वे घर से निकले तो देखा कि घर के दरवाजे पर फिर से टोटके की सामग्री पड़ी हुई। जिसपर पवन कुमार ने पड़ोस में रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक के पुत्र विकास देवल से जानकारी करना चाही तो रिटायर्ड शिक्षक रामऔतार देवल भाजपा नेता से गाली गलौज करने लगे। जिसपर भाजपा नेता अपने पिता को लेकर घर के अंदर चले गए। लेकिन तभी मास्टर रामऔतार देवल व उनके पुत्र प्रवेश उर्फ बंटी देवल, विकास देवल व भतीजा रजत देवल, पुत्र राजू देवल लाठी डंडे लेकर भाजपा नेता के घर में घुस गए और लाठी डंडों से भाजपा नेता व उनके बुजुर्ग पिता पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। जिसमें भाजपा नेता के बुजुर्ग पिता विनोद लाहौरी गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हंगामा होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने बमुश्किल भाजपा नेता व उनके पिता को बचाया। जिसके बाद लोगों ने भाजपा नेता के पिता को गंभीर हालत में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया।

इसी दौरान जब भाजपा नेता अपने बुजुर्ग पिता के उपचार में लगे हुए थे कि रिटायर्ड शिक्षक ने खुद पर भाजपा नेता द्वारा हमला करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता व उनके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पिता की हालत में सुधार होने पर भाजपा नेता ने कोतवाली प्रभारी शरद मलिक को विस्तारपूर्वक घटनाक्रम की जानकारी देते हुए लिखित तहरीर दी। जिसपर कोतवाली पुलिस ने रिटायर्ड शिक्षक रामऔतार देवल पुत्र डालचंद देवल, विकास देवल पुत्र रामऔतार देवल, प्रवेश उर्फ बंटी देवल, रजत देवल पुत्र राजू देवल के खिलाफ धारा 323, 452 तथा 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।