विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक महिला ने अपनी विधवा भाभी पर उसकी बेटी के जेवर और नगदी चुरा कर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जसपुर खुर्द, काशीपुर निवासी मुमताज बेगम पत्नी असलम हुसैन ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी कौशर जहाँ पत्नी फैजान अली जो वर्तमान समय में अमेरिका में निवासरत है, करीब चार वर्ष पूर्व कौशर जहाँ की शादी के उपरान्त कौशर जहाँ ने अपनी कुछ नगदी तथा जेवरात उसे सम्भालने के लिये दिये थे।
मुमताज ने बताया कि उक्त जेवरात तथा नगदी को उसने अपने घर मे बने कमरे की अलमारी में संभाल कर रखा था, अभी कुछ दिन पहले जब उसने अलमारी को खोल कर देखा तो उसकी बेटी के जेवर तथा नगदी गायब थी।
मुमताज ने कहा कि उसके घर में बाहरी व्यक्तियों का आना-जाना नहीं है, दिनांक 28.12.2025 से 30.12.2025 तक उसकी सगी विधवा भाभीनिवासी कचनाल गुसाई, काशीपुर का आना-जाना हुआ था, जिस कारण उसे संदेह है कि उसकी भाभी ने ही उसके घर से नगदी व जेवरात की चोरी की है।
मुमताज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसकी भाभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई मनोज सिंह धोनी के हवाले की है।



