सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : पुलिस ने एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में छोई में हुई महिला की निर्मम हत्या का खुलासा करते हुए 3 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडे, लोहे का पाना व पत्थर बरामद कर लिये। मुख्य अभियुक्त ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने की रंजिश में महिला की हत्या की थी।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि दिनांक 10-11-2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम किशनपुर, छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पर मृतका के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान पाए गए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर फील्ड यूनिट बुलाकर साक्ष्य संकलन किया गया तथा शव को पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई हेतु भेजा गया तथा मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर के आधार पर कोतवाली रामनगर में धारा 332(सी)/103(1)/352 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसपी सिटी हल्द्वानी हरबन्स सिंह सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण एवं कोतवाल रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं एसओजी की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन करने पर तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते तथा बाद में वाहन से उसके शव को घटनास्थल के पास फेंकते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीन अभियुक्तों की संलिप्तता प्रकाश में आई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा तकनीकी एवं मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की गई।
जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने 02 अन्य साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर मुख्य अभियुक्त मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया गया तथा अन्य 02 अभियुक्तों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे रामनगर से फरार होने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्त –
1. मोहित फर्त्याल (32 वर्ष) पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर, छोई, रामनगर।
2. सैरान (21 वर्ष) पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, रामनगर।
3. मो. अब्बूजर (22 वर्ष) पुत्र मौ. बिलाल, निवासी खताड़ी, रामनगर।
पुलिस टीम में कोतवाल सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी एसआई मोहन सिंह सोन, एसआई दीपक बिष्ट, पंकज जोशी, वीरेन्द्र बिष्ट, देवेंद्र राजपूत, मनोज सिंह अधिकारी, देवेंद्र राणा, सोमेंद्र सिंह, गणेश जोशी, हे.कां. त्रिलोक रौतेला, कुंदन सिंह, नवीन पाण्डे, गगन भण्डारी, का. भानु प्रताप, अशोक, अरविंद, विक्रम कुमार, संजय दोसाद, जसवीर सिंह, विजेन्द्र गौतम, प्रयाग कुमार, भूपेन्द्र पाल, महबूब आलम, संजय सिंह, अखिलेश तिवारी शामिल थे।
नोट : एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस टीम को 2000 रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।



