रुद्रपुर (महानाद) : जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराधों की रोकथाम एवं आपराधिक घटनाओं में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने हेतु एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस द्वारा प्रीत विहार क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
आपको बता दें कि दिनांक 25.11.2026 को रात्रि लगभग 11ः30 बजे अक्षय पुत्र सूरज पाल, निवासी जनपद रोड, फुलसुंगा, रुद्रपुर अपने मित्र साहिब के साथ प्रीत विहार स्थित रजा किराना स्टोर के पास बलेनो कार में बैठा हुआ था। इस दौरान उवेश, राशिद, शहजान एवं उनके एक अज्ञात साथी द्वारा एकराय होकर वादी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की गई तथा उवेश द्वारा कथित रूप से जान से मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर किया गया, जिससे उसकी बाएं हाथ की मध्यमा उंगली में गोली लग गई। घटना के उपरांत अभियुक्तगण मौके से फरार हो गए।
अक्षय की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में बीएनएस की धारा 109, 115(2), 351(2), 352, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता के दृष्टिगत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस द्वारा अभियुक्तगणों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु कार्रवाई प्रारंभ की गई।
दिनांक 27.11.2026 की रात्रि में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर एफएसएल मार्ग से तीनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त उवेश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताया गया एक अदद अवैध तमंचा 32 बोर बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में घटना के पीछे पूर्व का आपसी विवाद होना प्रकाश में आया है। अवैध तमंचे की बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 3/25 आयुध अधिनियम की वृद्धि कर कोर्ट में पेश कर दिया।
1. उवेश (20 वर्ष) पुत्र जकी, निवासी वार्ड संख्या 26, सीर गोटिया, रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर।
2. राशिद (20 वर्ष) पुत्र हसीन, निवासी सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर।
3. शहजान (20 वर्ष) पुत्र अकरम, निवासी सीर गोटिया, रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर।
पुलिस टीम में एसआई नरेश चंद्र पंत, हे.कां. राजकुमार, कृष्ण प्रसाद तथा पूरन राम शामिल थे।



