विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : पेट्रोल पम्प पर कार्य करने वाले एक कर्मचारी ने क्रेटा कार में आये 4 लोगों पर उसके व उसके सहयोगियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
राजाजीपुरम कॉलोनी, काशीपुर निवासी सोनू कुमार पुत्र राम प्रसाद माधव ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह विगत 8 वर्षों से कल्याण फिलिंग स्टेशन, निकट प्रगति होटल, काशीपुर में काम करता है।
सोनू ने बताया कि वह पेट्रोल पम्प पर काम कर रहा था, तो उसके पास उसके ही पेट्रोल पम्प में सीएनजी का काम देखने वाला भुवन चन्द्र जोशी पुत्र रेवाधर जोशी निवासी खटीमा 3 अन्य अज्ञात लोगों के साथ काले रंग की क्रेटा गाड़ी में आया और सभी ने आते ही उसके साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट करनी शुरु कर दी। वह वहां से बामुश्किल भाग कर प्रगति होटल में जाकर छुप गया।
सोनू ने बताया कि इतने में उन चारों ने पैट्रोल पम्प पर मौजूद आशीष सक्सेना पुत्र नरेश सक्सेना निवासी परमानंदपुर, काशीपुर को पकड़ लिया और उसके साथ भी हाथापाई करते हुए गाली गलौज करने लगे और जाते-जाते हरनाम सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी परमानदपुर, काशीपुर को भी भविष्य में जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
सोनू ने बताया कि उनके हाथों में कड़े, पंच और दारू की बोतल थी, जिनको वो लोग लहरा रहे थे। सोनू ने बताया कि भुवन जोशी कल रात को भी शराब के नशे में हमारे पेट्रोल पंप में आया था और अपनी मोटर साइकिल से गिर गया था, जब इसको गिरने से चोट आई तो हमने इसका सरकारी अस्पताल काशीपुर में मेडिकल भी कराया था। सोनू ने उक्त चारों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर भुवन चंद्र जोशी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई बसंत वल्लभ पंत के सुपुर्द की है।



