हर्ष वर्धन यादव
शाहजहांपुर (महानाद) : शहर में यातायात नियमों के प्रति लापरवाही लगातार देखी जा रही है। 1 मई से 15 जून के बीच ट्रैफिक पुलिस ने 814 लोगों के चालान काटे हैं। मई महीने में 450 और जून के 15 दिनों में 364 चालान किए गए। इसके अलावा 15 जून तक बिना हेलमेट चलने पर 2704 चालान, बिना सीट बेल्ट 90, नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के 646 चालान और गलत दिशा में वाहन चलाने पर 49 चालान किए गए हैं।
आपको बता दें कि शहर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर स्थिति चिंताजनक है। बड़ी संख्या में बाइक सवार बिना हेलमेट नजर आए। कई लोग एक ही बाइक पर तीन से चार सवारी बैठाकर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते दिखे। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोग बेखौफ नजर आए। इससे साफ है कि यातायात नियमों के प्रति लोगों में अभी भी जागरूकता की कमी है। यातायात पुलिस ने बीते माह जागरूकता अभियान चलाया था जिसमें लोगों को फूल देकर नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।
टीएसआई विनय पांडेय ने बताया कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि यातायात नियमों का पालन कर खुद और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।



