spot_img
spot_img
Sunday, February 22, 2026
spot_img

उत्तराखंड निवेश उत्सव में बोले अमित शाह : धामी ने धरातल पर उतारा आज एक लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट

रुद्रपुर (महानाद) : उत्तराखंड में निवेश और औद्योगिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए शनिवार को उत्तराखंड निवेश उत्सव का आयोजन रुद्रपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपने सम्बोधन में राज्य सरकार के प्रयासों की जमकर तारीफ करते हुए केंद्र सरकार से भरपूर सहायता का आश्वासन दिया।

अपने संबोधन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि वो जब भी चार धामों और गंगा-यमुना की देवभूमि उत्तराखंड आते हैं तो नई चेतना लेकर लौटते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ने पूरी दुनिया को आध्यात्मिक ऊंचाई पर ले जाने का काम किया है। यहां की नदियां आधे भारत की पेयजल, सिंचाई की जरूरतों को पूरा करती है।

अमित शाह ने दिसंबर 2023 में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के समापन समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि तब उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कहा था कि राज्य सरकार का असल पराक्रम समिट में हुए तीन लाख 56 हजार करोड़ के एमओयू को धरातल पर उतारने का होगा, लेकिन अब उन्हें खुशी है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की टीम ने तमाम चुनौतियों के बावजूद आज एक लाख करोड़ का इन्वेस्टमेंट धरातल पर उतार दिया है। इससे 81 हजार नए रोजगार सृजन का रास्ता साफ हो गया है। साथ ही सहायक उद्योगों के जरिए भी ढाई लाख से अधिक नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद जगी है।

शाह ने कहा कि, उत्तराखंड के दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में भी उद्योग लग रहे हैं। राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए, नीति में पारदर्शिता, क्रियान्वयन में तीव्रता और विजन में दूरदर्शिता के साथ विकास का नया खाका खींचने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई सरकार ने उत्तराखंड के साथ ही झारखंड और छत्तीसगढ़ के रूप में तीन नए राज्य बनाने का काम किया। आज ये तीनों राज्य अपने पैरों पर खड़े हो रहे हैं। 2014 के बाद केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद से उत्तराखंड में तो लगातार डबल इंजन की सरकार चल रही है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में विकास का खाका खींचते हुए हर क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बनाए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई दस साल में 60 प्रतिशत बढ़ी है, इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में आठ लाख किमी सड़कें बनी हैं। 333 जिलों में सुविधाजनक वंदे भारत ट्रेन पहुंच चुकी है। दस सालों में 45 हजार किमी रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण किया गया, 88 नए हवाई अड्डे बने साथ ही इनलैंड वाटर वे कारगो में 11 गुना बढ़ोत्तरी हुई है।

गृह मंत्री शाह ने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत की कल्पना की है, लेकिन विकसित उत्तराखंड के बिना विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है। देश के समग्र विकास के लिए, छोटे राज्यों सहित उत्तर पूर्व के राज्यों का विकास भी जरूरी है। इस पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तो वैसे भी ज्योर्तिलिंग, शक्तिपीठ, पंचब्रदी, पंच केदार और पंच प्रयाग की भूमि है, इस राज्य का विकास कोई नहीं रोक सकता। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य सरकार पारदर्शिता के साथ दिन रात काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं, यही कारण है कि जब कुछ लोगों ने ऑलवेदर रोड का विरोध किया तो केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में मजबूत पैरवी कर ऑलवेदर रोड को चारधामों तक पहुंचाने का काम किया। इसी तरह सरकार हेमकुंड साहिब के साथ ही केदारनाथ के लिए रोपवे परियोजना पर काम कर रही है। उन्होंने पुष्कर सिंह धामी सरकार के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा किस तरह इस छोटे से राज्य में निवेश का बढ़ावा देने के लिए पयर्टन, एमएसएमई, स्टार्टअप, फिल्म नीति सहित कई प्रयास किए गए, जिससे राज्य में निवेश का वातावरण बना है। आने वाले समय में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक उपचार और जैविक खेती उत्तराखंड के विकास का आधार बनेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के दस साल के कार्यकाल में उत्तराखंड को साढ़े तीन गुना से अधिक एक लाख 86 हजार करोड़ रुपए प्रदान किए गए। इसके अलावा 31 हजार करोड़ सड़कों के लिए, चालीस हजार रेलवे प्रोजेक्ट के लिए, सौ करोड़ एयरपोर्ट के लिए प्रदान किए, इस तरह कुल केंद्रीय सहायता, पिछली सरकार के मुकाबले चार गुना अधिक हो जाती है। उन्होंने एक लाख करोड़ रुपए की सफल ग्राउंडिंग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि शेष निवेश लक्ष्य को बिना थके जमीन पर उतारने का काम किया जाए, केंद्र सरकार इस काम में पूरा सहयोग देने को तैयार है।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि यह उत्सव उत्तराखंड की प्रगति और उद्योग जगत के विश्वास को दर्शाता है। पिछले एक वर्ष में कुल ग्राउंडेड निवेश एक लाख करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंच गया। इन निवेशों से राज्य में 81,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऊर्जा, उद्योग, पर्यटन, आवास, उच्च शिक्षा और आयुष सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए इन निवेशों से उत्तराखंड को आर्थिक रूप से नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की दिशा में बल मिला है। दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान हस्ताक्षरित एमओयू अब तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से देश में पहली बार किसी राज्य सरकार ने सफल निवेश की ग्राउंडिंग का सार्वजनिक विवरण प्रस्तुत कर मिसाल कायम की है।

इस अवसर पर बाबा रामदेव, डॉक्टर सुनील राय एवं पवन अग्रवाल द्वारा भी कार्यक्रम में संबोधन करते हुए राज्य में किए गए निवेश आदि के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कुल 1342.84 करोड़ रूपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जिसमें 1236.98 करोड़ के 15 योजनाओं का शिलान्यास और 105.86 करोड़ की 05 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।

इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर लगाई औद्योगिक प्रदर्शनी का भी केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा फीता काटकर उद्घाटन किया एवं प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जानकारी प्राप्त की। इससे पूर्व जनपद आगमन पर पंतनगर एयरपोर्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित विभिन्न अतिथियों द्वारा केद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। इस इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर कुमाऊनी लोक कलाकारों द्वारा स्थानीय लोक व मंगल गानों से अतिथियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, अध्यक्ष उत्तराखंड विधानसभा रितु खंडूरी, सांसद अजय भट्ट, महेन्द्र भट्ट, रमेश पोखरियाल निशंक, उत्तराखंड सरकार में मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, रेखा आर्या, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह, राम सिंह कैड़ा, बंशीधर भगत, सरिता आर्या सहित उत्तराखंड सरकार में विभिन्न दायित्व धारी, कुमाऊँ मंडल के विभिन्न जनपदों के मेयर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित शासन के उच्च अधिकारी, जिलाधिकारी, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles