रुद्रपुर (महानाद) : चोरों से छीन कर 1 करोड़ का माल डकारने वाले 4 आबकारी कर्मियों को उधम सिंह नगर पुलिस की मदद से शिमला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी का 80 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।
आपको बता दें कि पुलिस थाना सदर शिमला में दिनांक 08.09.2026 को एक शिकायत पर अभियोग संख्या 117/2026, दिनांक 08.09.2026, अधीन धारा 306 बी.एन.एस. पंजीकृत किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने एक युवती को घर में साफ-सफाई के कार्य हेतु रखा गया था। जो उनका सामान चुरा कर गायब हो गई है।
दिनांक 08.09.2026 को प्रातः शिकायतकर्ता ने अपने कमरे की अलमारियां खुली हुई तथा सामान बिखरा हुआ पाया। जांच करने पर ज्वेलरी तथा नकद सहित कीमती सामान गायब पाया गया। चोरी की गई संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य एक करोड़ रुपये से अधिक है।
संबंधित चोरी की घटना के अनावरण हेतु हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा जनपद ऊधम सिंह नगर पुलिस से सहयोग अपेक्षित किया गया था। उक्त अभियोग में वादिनी के आवास से नकदी, सोने एवं हीरे के आभूषण, घड़ियां तथा अन्य बहुमूल्य वस्तुएं चोरी होना अंकित था। विवेचना के दौरान करिश्मा नामक एक नेपाली महिला का विवरण भी प्रकाश में आया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशानुसार तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पंतनगर एवं कोतवाली रुद्रपुर की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा प्रकरण के अनावरण हेतु तत्काल पतारसी-सुरागरसी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा CCTV फुटेज का अवलोकन, मैनुअल पुलिसिंग, स्थानीय सूचना संकलन तथा संदिग्ध व्यक्तियों के आवागमन मार्ग का तकनीकी एवं भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान महत्वपूर्ण तथ्य प्रकाश में आया कि चोरी की घटना में संदिग्ध नेपाली व्यक्ति घटना के बाद शिमला से दिल्ली पहुंचे तथा वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर रुद्रपुर होते हुए नेपाल की ओर रवाना हुए।
जांच के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि दिनांक 08.09.2026 को लगभग 11:00 बजे सुबह उक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रुद्रपुर–रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट पर तैनात आबकारी कर्मियों द्वारा चेकिंग हेतु रोका गया था। वाहन एवं उसमें सवार व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उन्हें चेक पोस्ट परिसर में ले जाकर वाहन एवं सामान की चेकिंग की गई।
प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों, पूछताछ एवं पुलिस कार्यवाही के दौरान निम्न व्यक्तियों की संलिप्तता प्रकाश में आई—
1. बलजीत सिंह, पुत्र सेवक सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम लालपुर, किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर।
2. नईम, पुत्र खलील अहमद, उम्र 36 वर्ष, निवासी वार्ड संख्या-04, मंसूरनगर, केलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर
3. पप्पू लाल, पुत्र जैतराम, उम्र 58 वर्ष, निवासी लखनऊ कॉलोनी, गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर।
4. देवेंद्र कुमार, पुत्र पनीराम, उम्र 56 वर्ष, निवासी मालधनचौड़ संख्या-02, तहसील एवं थाना रामनगर, जनपद नैनीताल, कार्यालय आबकारी निकट BSNL, सिडकुल पंतनगर, रुद्रपुर।
उपलब्ध साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर गिरफ्तारी के पर्याप्त आधार पाए जाने पर हिमाचल पुलिस एवं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में चारों अभियुक्तों को नियमानुसार गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए दिनांक 20/09/2026 की रात्रि में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से थाना सदर शिमला में पंजीकृत उपरोक्त चोरी के अभियोग से संबंधित बहुमूल्य चोरी की 80% संपत्ति बरामद की गई।



