रुद्रपुर (महानाद) : 46 वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात एक व्यक्ति ने 31वीं वाहिनी में संविदा पर कुक का कार्य करने वाले व्यक्ति पर उसकी 11 साल की बच्ची और उसकी सहेली का पीछा करते हुए घर तक आ जाने का आरोप लगाया है। तहरीर केआधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी है।
46 वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 5.8.2025 की शाम के लगभग 7.45 बजे उसकी पुत्री रोती हुई कमरे में आयी और बताया कि एक व्यक्ति 31 वीं वाहिनी पीएसी से उसका तथा उसकी सहेली का पीछा करते हुए घर के सामने आ गया है और वह घर के सामने सड़क पर खड़ा है।
जब उन्होंने घर के बाहर जाकर देखा तो वह व्यक्ति बाहर खड़ा था, उससे पूछने पर उसने अपना नाम गोविन्द वर्मा बताया एवं 31 वीं वाहिनी पीएसी में संविदा कुक के पद पर कार्यरत होना बताया। उक्त व्यक्ति नशे में प्रतीत हो रहा था। पूछने पर उसके द्वारा बीयर पीये जाने की पुष्टि की गयी। तत्पश्चात् इस सम्बन्ध में उनके द्वारा वाहिनी के उच्चाधिकारियों को सूचना दी गयी तथा उक्त संविदा कुक को 31 वीं वाहिनी पीएसी के कर्मियों को सुपुर्द किया गया।
उन्होंने बताया कि संविदा कुक गोविन्द वर्मा द्वारा दिनांक 5.8.2025 की सांय में उनकी 11 वर्षीय पुत्री एवं उसकी सहेली का पीछा किया गया। यदि समय रहते उनकी पुत्री एवं उसकी सहेली घर पर न पहुंचती तो कोई अप्रिय घटना भी घटित हो सकती थी। उन्होंने उक्त के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर गोविन्द वर्मा के खिलाफ बीएनएस की धारा 78 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई नेहा राणा के सुपुर्द की है।



