spot_img
spot_img
Sunday, April 26, 2026
spot_img

गेहूं कटाई के लिए गया गांव, पीछे से चोरी हो गईं 10 हजार ईटें

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक आदमी गेहूं कटाई के लिए अपने गांव गया, पीछे से एक प्लॉट में रखी उसकी 10 हजार ईटें (Bricks) चोरी हो गईं। उसने एक पिता-पुत्र पर ईटें चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

दर्शन विहार, काशीपुर निवासी सुमित यादव पुत्र सोमपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने मौ. नाजिम के भट्टे, ग्राम ढकिया, थाना डिलारी, तह. ठाकुरद्वारा, जिला-मुरादाबाद से दिनांक 17.01.2026 को 10 हजार ईटें अपने प्लॉट कुमाऊं कालोनी, कचनालगाजी पर घर निर्माण हेतू मंगवाई थीं। जोकि गली का रास्ता खराब होने के कारण उसने गली से बाहर सामने वाले खाली मैदान में रखवा दी थीं।

सुमित ने बताया कि इसी बीच गली का निर्माण कार्य प्रगति पर था, जिसकी वजह से उसके घर निर्माण का कार्य अवरूद्ध हो गया। जिसकी वजह से वह ईटें वहाँ से नहीं उठा पाया। जब गली निर्माण का कार्य पूर्ण हुआ तब गेहूं कटाई का समय हो गया, जिसकी वजह से वह 10 दिन के लिये अपने घर ग्राम गंझेड़ा आलम, ठाकुरद्वारा चला गया और प्लॉट व ईटों की देख-रेख बन्द हो गयी।

सुमित ने बताया कि जब वह अपने गांव से गेहूँ कटाई का कार्य पूर्ण करके दिनांक 18.04.2026 की शाम को प्लॉट पर आया तो देखा कि ईटें वहां पर नहीं हैं। जिन्हें उसने काफी तलाश किया किन्तु कुछ पता नहीं चला। उसके बाद उसने मैदान में खेल रहे बच्चों से पता किया, जिस मैदान में वह ईटें रखीं थीं तो उन्होंने बताया कि ईटे टैम्पू द्वारा दो-तीन दिन से यहाँ से ले जायी जा रहीं हैं। जिसके बाद उसने अपने चाचा सतवीर सिंह से सम्पर्क किया तब उन्होंने अपने सम्पर्क के टैम्पू चालक को फोन किया। जिसने यह जानकारी दी कि दिनांक 16, 17, 18 अप्रैल 2026 को फरीद और लतीफ निवासी कुमाऊं कालोनी, कचनालगाजी, काशीपुर दोनों टैम्पू चालकों द्वारा उक्त मैदान से ईटें विन्ध्यावासिनी कालोनी, चैती चौराहा, निकट सन्धू फार्म के एक खाली प्लाट में रखी गयी हैं।

सुमित ने बताया कि टैम्पू चालकों द्वारा सुनिश्चित किया गया कि उनके द्वारा उक्त 10,000 ईटें कृष्णा गौतम व उनकं पुत्र सुधाशुं द्वारा रखवायी गयी हैं। उक्त चोरी कृष्णा गौतम व उनके पुत्र द्वारा करवायी गयी है जोकि खड़कपुर देवीपुरा, निकट चामुण्डा मन्दिर, काशीपुर के निवासी हैं। इस सम्बन्ध में उसने उक्त लोगों से कहा कि उसकी ईटें वापस कर दो, परन्तु उन्होंने उसकी एक ना सुनी। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।

सुमित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कृष्णा गौतम व सुधांशु के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई संजय सिंह के हवाले की है।

#kashipur_city | Kashipur_news

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles