जसपुर (महानाद) : एसओजी व जसपुर पुलिस ने संयुक्त यप से कार्यवाही करते हुए वन्यजीवों के अंगों की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 114 जोड़े हत्था जोड़ी सहित प्रतिबंधित वन्यजीव सामग्री बरामद की है।
आपको बता दें कि एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात व पुलिस अधीक्षक काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर प्रशांत कुमार के पर्यवेक्षण में एसओजी काशीपुर व थाना जसपुर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
आज दिनांक 25.10.2026 को एसआई बसन्त प्रसाद, कां. विरेन्द्र दत्त द्वारा कस्बा जसपुर में शांति व्यवस्था व संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु चैकिंग के दौरान शहीद अमित कुमार बग्गा द्वार के पास एसओजी काशीपुर टीम के साथ संयुक्त चैकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास द्वारा सूचना दी गयी कि राजपूत सभा भवन गेट के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से वन्य जीवों के अंग बेच रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संयुक्त टीम द्वारा राजपूत सभा भवन गेट के पास से एक व्यक्ति को 3 प्लास्टिक के डिब्बों के साथ मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश दीक्षित (32 वर्ष) पुत्र विपिन दीक्षित निवासी मौहल्ला कटरा, थाना सहसवान, जिला बदायूँ (उ.प्र.), हाल निवासी राजपूत सभा भवन, वार्ड नं. 4, जसपुर बताया।
अभियुक्त के कब्जे से बरामद डिब्बों को चैक किया गया तो एसके पास से एक बड़े प्लास्टिक के डिब्बे में 114 जोड़े हत्था जोड़ी (गोह के अंग), एक छोटे प्लास्टिक के डिब्बे में 1 जंगली सूअर का दांत तथा एक गोल डिब्बे में 5 मोती शंख बरामद हुए।
मौके पर वन क्षेत्राधिकारी, जसपुर दक्षिणी रेंज अनुस्वार टम्टा व उनकी टीम को बुलाकर माल की पहचान कराई गयी, जिनके द्वारा बताया गया कि बरामद तीनों प्रजातियाँ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के अन्तर्गत संरक्षित हैं।
पूछताछ के दौरान आकाश दीक्षित ने बताया कि वह उक्त माल को हरिद्वार निवासी अमन से 400-500 रुपये प्रति जोड़ा खरीदकर लाता है तथा लोगों को धन प्राप्ति, तंत्र-मंत्र व पूजा-पाठ के नाम पर 4000-5000 रु में बेचता है तथा अपनी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से ऑनलाइन भी बेचता है।
आकाश के विरुद्ध धारा 9/39/49।/50/51 वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस टीम में एसआई बसन्त प्रसाद, कां. विरेन्द्र दत्त, एसओजी प्रभारी काशीपुर सुनील सुतेड़ी, हे.कां. विनय कुमार, दीपक कुमार, कां. हरीश गोस्वामी, इमरान खान, गिरीश कांडपाल तथा
वन विभाग की टीम में अनुस्वार टम्टा, रेंजर जसपुर दक्षिणी, हरीश चन्द्र सिंह नयाल, वन दरोगा व अन्य स्टाफ शामिल थे।



