विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने कुछ लोगों पर उसके खेत में पानी छोड़कर उसकी फसल बरबाद करने और उसे और उसके पुत्र को लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है।
पक्काकोट, काशीपुर निवासी वरयाम सिंह पुत्र करतार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 05.11.2025 की शाम के लगभग 4ः45 बजे सलीम, ओमप्रकाश और कुछ अज्ञात लोगों ने उनके खेत की मेढ़ काटकर अपने खेत का सारा पानी उनके खेत में छोड़ दिया जिससे उनकी मटर की सारी फसल खराब हो गयी।
वरयाम सिंह ने बताया कि जब वे उन्हें रोकने के लिए गए तो सलीम और ओमप्रकाश व कुछ अज्ञात लोगों ने मिलकर उन पर व उनके बेटे कुलजीत सिंह पर लाठी-डंडों, फावड़े और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया, जिससे उनका सिर फट गया, उक्त लोगों ने धारदार हथियार से उनके बेटे का मुंह तोड़ दिया। इतने से भी उन्हे सब्र नहीं आया, तो उनकी पगड़ी उतारकर फेंक दी और जाते जाते जान से मारने की धमकी दे गए।
वरयाम सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ 115(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई कौशल सिंह भाकुनी के हवाले की है।



