विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : केवाईसी कराने के नाम साइबर ठगों ने एक महिला से 8.50 लाख रुपये ठग लिये। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मानपुर रोड, कचनाल गाजी, काशीपुर निवासी नन्दा उप्रेती पत्नी स्व. महेश चन्द्र उप्रेती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 15.04.2026 को उनके फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, उधर से कोई व्यक्ति बोला कि मैं एक्सिस बैंक से बोल रहा हूँ आप अपने खाते की केवाईसी करवा लो। उन्होंने कहा कि मेरी केवाईसी हो चुकी है। उन्होंने अपने भाई का मो. नं. उसे दिया और कहा कि बात कर लो।
नन्दा उप्रेती ने बताया कि कुछ देर बाद उपरोक्त व्यक्ति ने उन्हें एक लिंक भेजा और कहा कि इस पर क्लिक करो और अपना विवरण भर लो। उन्होंने उसके कहे अनुसार लिंक पर क्लिक कर विवरण भर दिया। उसके बाद उन्हें शक हुआ और उन्होंने एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर को कॉल किया तो वह बोले कि ओटीपी नहीं बताया तो सब ठीक है। जिसके बाद वह निश्चिन्त हो गईं।
नन्दा उप्रेती ने बताया कि उसके बावजूद उनके नंबर पर आने वाली सारी मैसेज उपरोक्त व्यक्ति के नंबर पर जाने लगी और उनके खाते से कई बार में 8,50,000 रुपये कट गये। किन्तु बैंक के डिप्टी मैनेजर ने उनका खाता बन्द नहीं किया। इसके बाद उनके दामाद ने उनका खाता कस्टर केयर द्वारा बन्द करवा दिया।
नन्दा उप्रेती ने उक्त साइबर ठग के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई सौरव कुमार कर रहे है।



