सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : पुलिस ने 20 साल की नवविवाहिता कोहिनूर की हत्या का खुलासा करते हुए मृतका के पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि दिनांक 18.10.2026 को नसीम अहमद पुत्र जबर साह निवासी ग्राम बुढ़नपुर, थाना डिलारी, तहसील ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद ने कोतवाली रामनगर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह दिनांक 16.05.2026 को उवेश पुत्र फजले अली निवासी गैस गोदाम रोड, खताड़ी, रामनगर, जनपद नैनीताल के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।
नसीम अहमद ने आरोप लगाये कि उन्होंने अपनी पुत्री के विवाह में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिए जाने के बावजूद भी उसकी पुत्री के ससुराल पक्ष द्वारा लगातार बुलेट मोटरसाइकिल एवं 5 लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी। इसी के चलते दिनांक 16.10.2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी पुत्री कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी है।
तहरीर के आधार पर कोतवाली रामनगर में धारा 80(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच सीओ रामनगर को सौंपी गई।
मामले की गम्भीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मजुनाथ टीसी द्वारा एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह एवं सीओ रामनगर रविकांत सेमवालके पर्यवेक्षण में कोतवाल रामनगर सुशील कुमार को तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्यवाही किये जाने तथा संलिप्तों की गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। जिसके अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा प्रकरण से संबंधित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ एवं विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार मृतका कोहिनूर एवं उसके पति उवेश के बीच दहेज के रुपये तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद रहता था। घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया तथा उसे दबाकर उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया। इस दौरान कोहिनूर की मृत्यु हो हो गई। घटना के बाद अभियुक्तों द्वारा हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया और उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात प्रचारित की गई।
पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों, घटनाक्रम तथा विवेचना में प्रकाश में आए तथ्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका एवं अन्य साक्ष्यों के के संबंध में भी विवेचना प्रचलित है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. उवेश (22 वर्ष) पुत्र फजले अली निवासी गैस गोदाम, ऊंटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर। (पति)
2. नसरीन (50 वर्ष) पत्नी फजले अली, निवासी उपरोक्त । (सास)
3. अनस (23 वर्ष) पुत्र फजले अली निवासी उपरोक्त (जेठ)
4. शबा (20 वर्ष) पुत्री फजले अली निवासी उपरोक्त। (ननद)
पुलिस टीम में एसएसआई दीपक बिष्ट, एसआई देवेन्द्र सिंह राजपूत, सोमेन्द्र सिंह, हे.कां. गगनदीप सिंह भण्डारी, कां. हरदेश कौर शामिल थे।
एसएसपी नैनीताल द्वारा उपरोक्त टीम के उत्सहवर्धन हेतु 2500 रुपये से पुरुस्कृत करने की घोषणा की गयी है।



