रुद्रपुर (महानाद) : व्यापारिक प्रतिस्पर्धा आज खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई और एक दुकानदार ने जिला अस्पताल में घुसकर दूसरे दुकानदार की हत्या कर दी।
आपको बता दें कि आज शुक्रवार की सुबह थाना ट्रांजिट कैंप के जगतपुरा, आवास विकास, रुद्रपुर क्षेत्र में दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की मोबाइल की दुकानें आमने-सामने स्थित हैं। दोनों पक्षों में एक लंबे समय से व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। आज शुक्रवार की सुबह उक्त विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। आपसी संघर्ष में दोनों पक्षों के 4 लोग घायल हो गए।
मारपीट में घायल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे तो हमलावर जिला अस्पताल भी पहुंच गये और राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई तथा हमलावर मौके से फरार हो गये।
अस्पताल परिसर में हत्या की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसी दौरान दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को दोनों पक्षों को अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फिलहाल पुलिस हमलावरों को पकड़ने में जुट गई है।



