spot_img
spot_img
Sunday, May 3, 2026
spot_img

लिव इन पार्टनर ही निकली हत्यारी, तमंचे से मारी गोली और निकल गई

नगीना (महानाद) : पुलिस ने जुलाहापुरा के जंगल में मिली युवक अनुज की लाश के मामले का खुलासा करते हुए उसकी लिव इन पार्टनर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आला ए कत्ल बरामद कर जेल भेज दिया।

आपको बता दें कि दिनांक 29.04.2026 को ग्राम जुलाहापुरा के जंगल में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त अनुज (25 वर्ष) पुत्र विनय निवासी ग्राम जुलाहापुरा, थाना नगीना देहात, जनपद बिजनौर के रूप में हुई। मृतक के दाहिने कान के पास गनशॉट इंजरी पाई गई। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया तथा परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना नगीना देहात पर धारा 103 (1) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर घटना के शीघ्र अनावरण हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस द्वारा उपरोक्त घटना में प्रकाश में आयीं अभियुक्ता शोभा पत्नी सतेन्द्र निवासी ग्राम भेंडा, थाना किरतपुर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आला ए कत्ल 1 तमंचा 315 बोर मय 1 जिन्दा व 1 खोखा कारतूस बरामद कर बरामदगी के आधार पर उपरोक्त अभियोग में धारा 3/25/27 आर्म्स एक्ट की वृद्धि की गई।

पूछताछ के दौरान शोभा ने बताया कि वर्ष 2011 में उसकी शादी सतेन्द्र निवासी ग्राम भनैड़ा, किरतपुर के साथ हुई थी, जिससे उसकी 9 साल की एक पुत्री है। वर्ष 2023 में वैचारिक मतभेद के कारण वह अपने पति से अलग रहने लगी। वर्ष 2024 में उसकी जान-पहचान अनुज कुमार निवासी द्वारिकादासपुर उर्फ जुलाहापुर, थाना नगीना देहात से हुई और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।

शोभा ने बताया कि अनुज उसके साथ मारपीट करता था, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता था तथा उसकी बहन से छेड़छाड़ करने पर विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिस संबंध में थाना नजीबाबाद में उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था और वह जेल गया था। जेल से आने के बाद भी वह अपने साथियों को घर लाकर गलत हरकतें करता व पैसे मांगता था। और अपने अन्य दोस्तों के साथ भी शोभा से संबंध बनाने के लिए कहता था।

दिनांक 28.4.2026 की रात्रि को अनुज शोभा को लेकर पहले कैफे में गया वहां बैठा रहा फिर रात के करीब 10 बजे वहां से लेकर गाँव की तरफ़ गया जहाँ पहले उसने शोभा के साथ संबंध बनाये फिर उसके साथ मारपीट की। शोभा ने वहां पर खुद को मारना चाहा लेकिन फिर बेटी का ख्याल दिमाग में आने पर अनुज के तमंचे से अनुज को गोली मार दी और वहां से निकल गई।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, हे.कां. सुभाष, कां. विशाखा, हे.कां.चन्द्रप्रभात तथा कां. सरिता शामिल थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles