विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : कुमाऊं वैश्य महासभा काशीपुर ने वैश्य समाज की गौरवशाली परंपराओं, सामाजिक एकजुटता और नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को बाजपुर रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट वरिष्ठ जन वंदन, प्रतिभा अभिनंदन समारोह-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को सम्मानित कर उनके जीवनभर के योगदान, अनुभव और मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रसिद्ध उद्यमी योगेश जिंदल आदि ने कुलदेवी मां महालक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। वहीं वैश्य समाज के प्रसिद्ध कवि शेष कुमार सितारा ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को भावपूर्ण शुरुआत की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि जो समाज अपने वरिष्ठजनों का सम्मान करता है, वह वास्तव में अपना सम्मान करता है। बुजुर्गों के अनुभव और उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्य नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, देश सेवा और सामाजिक सद्भाव के लिए कार्य करने वालों का सम्मान होने से अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने वैश्य समाज के सामाजिक और आर्थिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन को उन्होंने समाज और देश के लिए सकारात्मक पहल बताया तथा युवा प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने वैश्य समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वरिष्ठ पीढ़ी उसकी महत्वपूर्ण पूंजी है और नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वहाँ मौजूद जनसमूह का मन मोह लिया।
कुमाऊं वैश्य महासभा काशीपुर के अध्यक्ष एमपी गुप्ता, कपिल अग्रवाल और प्रियांशु बंसल ने समारोह में पहुंचे अतिथियों, वरिष्ठ जनों, मेधावियों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वैश्य समाज को व्यापक सामाजिक एकता और सहयोग की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए पुरानी पीढ़ी के अनुभव और नई पीढ़ी की प्रतिभा, दोनों का समन्वय जरूरी है। इसी क्रम में आगामी 13 अक्टूबर को वैश्य समाज की शोभायात्रा में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आह्वान भी किया गया।
समारोह में पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, उद्यमी देवेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, बांके गोयनका, सत्यवान गर्ग, आशीष गुप्ता, अजय अग्रवाल, विनय जैन सीए, योगेश जैन, योगेश जिदल, सुधा जिंदल, शेष कुमार सितारा, कौशलेश गुप्ता, ब्रजेश गुप्ता, ईश्वर चंद्र गुप्ता, एसपी गुप्ता, संजय गुप्ता, अनूप कुमार गुप्ता, चक्रेश जैन सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। रेखा जिंदल, डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, डॉ. एसपी गुप्ता, डॉ. पारुल सिंघल, प्रियांशु बंसल, सुरभि बंसल और सुधा अग्रवाल, अतुल असावा, विशाल अग्रवाल, विकास अग्रवा एड., विनोद कुमार ठरड, सहित वैश्य समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



