पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : श्री रामलीला मौहल्ला जटवारा के समापन के अवसर पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे प्रभु श्रीराम के भरत मिलाप और राजतिलक की लीला देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जय श्री राम के जयघोष के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया।
लंका विजय के बाद प्रभु श्री राम के अयोध्या आगमन की लीला के अंतर्गत ठाकुर मंदिर से भगवान श्री राम, माता सीता, भाई लक्ष्मण और भक्त हनुमान जी की झांकी पुष्पक विमान पर सजाकर निकाली गई। बैंड-बाजों और अखाड़ों के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शोभा यात्रा का गांधी आश्रम चौक पहुंच कर भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्री राम और भाई भरत के मिलन का दृश्य देखकर श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। इस दौरान लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम जी का स्वागत किया और मिष्ठान वितरित कर खुशियां मनाईं।
इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता, भाई लक्ष्मण, भाई भरत और गुरु विश्वामित्र जी सहित अन्य पात्र धर्मशाला मंदिर प्रांगण स्थित पंडित उमादत्त रंगमंच पहुंचे। यहां मौहल्ला जटवारा की श्रीराम लीला में भगवान श्रीराम के राजतिलक का भव्य मंचन किया गया। राजतिलक की लीला के साथ ही रामलीला का विधिवत समापन हो गया। समापन के अवसर पर श्रीराम लीला कमेटी की ओर से कार्यकारिणी के सदस्यों और अतिथियों को सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी मौहल्ला जटवारा के अध्यक्ष सौरभ गर्ग, उपाध्यक्ष मनोज कश्यप, महामंत्री मान सिंह, उपमंत्री विपलेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष कैलाश मित्तल, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह, अवलोक जैन, भावेश मित्तल, विनोद ठुकराल, विमल अग्रवाल, अवलोक गोयल आदि सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।



