spot_img
spot_img
Monday, November 9, 2026
spot_img

उत्तराखंड की कैबिनेट रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार

देहरादून (महानाद) : पुलिस ने उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। रेखा आर्या की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

आपको बता दें कि उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विगत 15 अक्टूबर को कैंट कोतवाली में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, जांच में शामिल होने के लिए गिरधारी लाल को तीन बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किया। वहीं, उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी न्यायालय से खारिज हो चुकी थी।

बता दें कि रेखा आर्या ने अपनी शिकायत में पति पर मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया। साथ ही कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाया गया।

वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों पर गिरधारी लाल साहू ने सफाई देते हुए दावा किया था कि जिस ऑडियो के आधार पर उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के जरिए तैयार किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील भी की थी।

इसके साथ ही गिरधारी लाल ने रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी संपत्ति की जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने दावा किया था कि रेखा आर्या के पास करीब 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति है। हालांकि, संपत्ति को लेकर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles