spot_img
spot_img
Monday, February 23, 2026
spot_img

काशीपुर : दहेज न मिलने पर फूटा मुकद्दर कहने वाली महिला अब अपने बेटे और पति के साथ लगायेगी कोर्ट के चक्कर

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : एक मां की तहरीर पर पुलिस ने उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

बता दें कि रानी पत्नी अरविंद सिंह ग्राम नवाबगंज, तहसील थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसकी पुत्री प्रियंका का विवाह 6 मई 2018 को हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दीपक ग्रोवर पुत्र रोशनलाल ग्रोवर निवासी ग्राम पंचायत खरमासा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड के साथ संपन्न हुआ था। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी में हैसियत के अनुसार सोने चांदी के आभूषण सहित दान दहेज उपहार स्वरूप दिया था।

महिला ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही प्रियंका का पति दीपक ग्रोवर, ससुर रोशन लाल ग्रोवर, सास राजरानी विवाह में दहेज कम लाने को लेकर उसे ताने देते थे और कहते थे कि तेरे अलावा अगर किसी अन्य लड़की से शादी की होती तो उसके पुत्र को शादी में अच्छा दान दहेज मिलता। वे कहते थे कि तुझसे शादी होने से उनके पुत्र का मुकद्दर फूट गया है। इस तरह के तानों/प्रताड़ना से उनकी पुत्री मानसिक रूप से प्रताड़ित रहती थी।

महिला ने बताया कि उनकी पुत्री को उपरोक्त लोग अपने मायके पक्ष से बातचीत तक नहीं करने देते थे। यहां तक कि फोन पर भी बात नहीं करने देते थे। उनकी पुत्री ने 13 अप्रैल 2019 को एक पुत्र को जन्म दिया। जन्म के दौरान अस्पताल में जो भी खर्च हुआ वह सब खर्च उसके पति ने अस्पताल को हमसे कराया। महिला ने बताया कि 4 जून 2022 को उनके दामाद ग्रोवर ने फोन पर रात्रि करीब 4 बजे जानकारी दी कि तुम्हारी पुत्री प्रियंका की हालत खराब है। वह काशीपुर आने के लिए तैयार हो ही रही थी कि इतने में करीब 6 बजे दोबारा फोन आया कि उनकी पुत्री की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उन्हें शक ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है की उनकी पुत्री प्रियंका की उसके पति दीपक ग्रोवर, ससुर रोशन लाल ग्रोवर तथा सास राजरानी ने दहेज के लिए ज्यादा प्रताड़ित किया जिसके चलते उसकी पुत्री की मौत हुई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति, ससुर एवं सास के खिलाफ धारा 304 बी के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles