spot_img
spot_img
Saturday, April 11, 2026
spot_img

श्री श्री माँ दुर्गा पूजा महोत्सव में सीएम धामी ने किया प्रतिभाग, किया ये ऐलान…

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बंगाली कॉलोनी, नानकमत्ता पहुंचकर दुर्गा मंदिर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर के सौंदर्यीकरण, नानकमत्ता क्षेत्र के विकास हेतु मिनी मास्टर प्लान बनाने की भी घोषणा की।  मन्दिर परिसर पहुँचने पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को स्मृति स्वरूप दुर्गा माता की प्रतिमा भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी को दुर्गा महोत्सव, शारदीय नवरात्र, विजयादशमी, भैया दूज, गोवर्धन पूजा तथा रामनवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि आज उन्हें मां दुर्गा के इस भव्य मंदिर का उद्घाटन कर प्रदेशवासियों के लिए खुशहाली की कामना करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने बंगाली समाज का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, राजा राम मोहन राय सहित बंगाल के महान सपूतों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की भूमि से निकले महान व्यक्तित्वों ने जब जैसी आवश्यकता पड़ी तब शस्त्र और शास्त्र से, त्याग और तपस्या से मां भारती की सेवा की है।

उन्होंने कहा कि चेतना हो या अध्यात्म, विज्ञान हो या कला और संस्कृति हर क्षेत्र में बंगाल ने देश को प्रगति की राह दिखाई तथा पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा का पर्व भारत की एकता और पूर्णता का पर्व भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण का अभियान जारी है। सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए हैं।

बेटी के जन्म से लेकर महिलाओं की सुरक्षा तक के लिए सरकार सजग है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में रहने वाले हमारे बंगाली परिवारों की अर्से से कई मांगें लंबित थी, जिसे हमारी सरकार ने पूरा करने का काम किया है। बंगाली समाज के बच्चों के प्रमाण पत्र से ’’पूर्वी पाकिस्तान’’ शब्द हटाने और नजूल भूमि पर मालिकाना हक दिलाने का काम सरकार ने कर दिखाया है।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर रामपाल सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष  कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ.प्रेम सिंह राणा, किसान आयोग उपाध्यक्ष राजपाल, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, अपर जिलाधिकारी  जय भारत सिंह, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles