बाजपुर (महानाद) : क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एक युवक पर फौजी बनकर उसका शोषण करने और अपने दोस्त के साथ मिलकर उसका न्यूड वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
एक गांव निवासी युवती ने साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन, कुमायूं परिक्षेत्र, रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह एक गरीब परिवार से है और वह 6 बहने हैं। लगभग 2.5 साल पहले मण्डल शेरा, बागेश्वर निवासी संजय धामी पुत्र दरबान सिंह धामी ने उसे बहला फुसला कर कहा कि मेरी तुम्हारे पास के गांव में जमीन है और मैं एक फौजी हूँ और उससे दोस्ती कर ली। उक्त संजय धामी का अक्सर उसके पास आना जाना होता था। संजय ने उससे कहा कि मैं तुझसे शादी करूँगा।
युवती ने बताया कि उक्त संजय रुद्रपुर भी आता था, जहाँ रहकर वह काम करती थी। वहाँ पर कमरे में भी उससे मिलने अक्सर आता था। दोस्ती के दौरान उसने एवं संजय ने एक दूसरे के साथ काफी फोटो एवं वीडियो बनायी थीं। वह उस पर काफी विश्वास करती थी। काफी समय बाद उसे जब इस बात का पता चला कि संजय की न तो कोई सरकारी नौकरी है और न ही जमीन तो उसने संजय का साथ छोड़ दिया। इसके बाद संजय उसे फोन कर परेशान करने लगा और धमकी देने लगा कि यदि तुने मुझसे शादी नहीं करी तो मैं तुझे बदनाम कर दूँगा। मेरे पास तेरी कुछ फोटो और वीडियो हैं जिन्हें मैं दिखाकर तेरी शादी नहीं होने दूँगा। युवती ने बताया कि संजय के पास उसकी एक नहाते समय की बिना कपड़ो के एक न्यूड वीडियो है, जो कि संजय ने बिना उसकी सहमति के बनायी थी।
युवती ने बताया कि उसके घरवालों ने उसका रिश्ता बाजपुर के गांव निवासी युवक से कर दिया लेकिन संजय ने उक्त युवक को उसकी कुछ प्राईवेट फोटो और वीडियो दिखाकर उसका रिश्ता तुड़वा दिया। फिर जैसे-तैसे उसके घरवालों ने उसका रिश्ता स्वार निवासी एक युवक के साथ कर दिया। अब संजय धामी और वह युवक जिसके साथ उसका पहले रिश्ता हुआ था, दोनों मिलकर उसके होने वाले पति को डरा धमका रहे है कि इस युवती से शादी मत करना नहीं तो तुझे हम जान से मार देंगे।
युवती ने बताया कि उक्त दोनों युवक उसकी फोटो और वीडियो उसके होने वाले पति, उसके परिचितों व रिश्तेदारों को भेजकर प्रचारित प्रसारित कर रहे हैं एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। तथा परिवारवालो को व्हाट्सअप/नॉर्मल कॉल कर एवं उसकी वीडियो/फोटो को जगह जगह ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भेज कर डरा धमका कर उसको मानसिक रुप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संजय धामी व उसके साथ के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3), 77, आईटी एक्ट की धारा 66ई, 67ए के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।



