पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : नगर पालिका / विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते बंद विद्युत स्ट्रीट लाइट के चलते हाइवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
आपको बता दें कि जसपुर नगर पालिका की लचर व्यवस्था के चलते आज शुक्रवार को रात्रि के लगभग 8 बजे लपकना नदी पुल से लेकर सुभाष चौक, सिंघल नर्सिंग होम, लकड़ी मंडी तक पूरे रास्ते में कोई भी स्ट्रीट लाइट नहीं जली, जिसके चलते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, वहीं, कुछ एक जगह पर वाहन चालकों द्वारा आपस में झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो गई।
विदित हो कि शनिवार को रक्षाबंधन का त्यौहार है जिसके चलते आज बाजार में ज्यादा से बहुत ज्यादा भीड़ चल रही है और शुक्रवार को पैठ का बाजार भी होता है, ऐसे में आम नागरिक और महिलाएं अपने आप को किस तरह सुरक्षित महसूस करें।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नौशाद सम्राट ने बताया कि कल शनिवार को सुबह विद्युत स्ट्रीट लाइट व्यवस्था ठीक करा कर सुचारू करा दी जाएगी। अब सवाल यह उठता है कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना घटती है तो दोष किसका?
विद्युत विभाग के एसडीओ सद्दाम अली ने बताया कि नगर पालिका कर्मचारियों की लापरवाही के चलते ऐसी स्थिति आ पड़ी है, वही इसे सही करेंगे।
यहां बता दें कि आज शुक्रवार को जसपुर सुभाष चौक के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास लगे विद्युत पोल पर एसडीओ सद्दाम अली द्वारा विद्युत कर्मियों से कार्य कराया जा रहा था, उससे पहले स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुचारू थी, बावजूद इसके एसडीओ साहब ने अपनी लापरवाही का सारा श्रेय नगर पालिका के सिर पर फोड़ कर अपना पल्ला झाड़ लिया।
उधर, एसडीएम चतर सिंह चौहान ने बताया कि उन्हें इस मामले में कोई भी जानकारी नहीं है।



