spot_img
spot_img
Saturday, May 9, 2026
spot_img

हरिद्वार : मेयर पति के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने खोला मोर्चा, मुख्यमंत्री से की हस्तक्षेप बंद करवाने की मांग

अभिनव अग्रवाल
हरिद्वार (महानाद) : नगर निगम के कार्यों में निरन्तर बाधा डालने, पार्षदों, अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर नगर निगम का माहौल खराब करने वाले मेयरपति अशोक शर्मा के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने मोर्चा खोलते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर नगर निगम में मेयर पति का हस्तक्षेप बंद करवाने की मांग की है।

भाजपाईयों ने भाजपा पार्षद दल के नेता सुनील अग्रवाल गुड्डू व हितेश चौधरी के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि नगर निगम, हरिद्वार की 26.11.2022 को आयोजित बोर्ड बैठक में प्रेम प्रकाश आश्रम द्वारा एक पार्क निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया था जिसमें कहा गया था कि पार्क का स्वामित्व नगर निगम, हरिद्वार का रहेगा तथा प्रेम प्रकाश आश्रम पार्क का निर्माण कर उक्त पार्क को नगर निगम, हरिद्वार को ही संचालन के लिए सौंपेगा। कुछ समय पूर्व, महापौर पति तथा अन्य व्यक्तियों द्वारा उक्त स्थान पर तोड़फोड़ की गई तथा हंगामा किया गया। उक्त स्थान पर प्रेम प्रकाश आश्रम द्वारा सौन्दर्यीकरण से सम्बन्धित कार्य का प्रस्ताव निगम को उपलब्ध कराया गया था, जिस पर बोर्ड द्वारा बहुमत से सहमति प्रदान की गयी थी। महापौर पति को उक्त कृत्य से बोर्ड के साथ-साथ प्रदेश सरकार की भी अवमानना हुई है।

पार्षद सपना शर्मा, मोनिका सैनी, निशा नौडियाल व सुनीता शर्मा ने कहा कि भारत सरकार की NULM (National Urban Livelihood Mission) के अन्तर्गत नगर निगम, हरिद्वार द्वारा स्वयं सहायता समूह को रोजगार दिये जाने के दृष्टिगत मन्दिरों में चढ़ने वाले प्रसाद से स्टिक (धूप) बनाने का कार्य आवंटित किया गया है। स्वयं सहायता समूह को निगम हित में कार्य किये जाने हेतु निगम का कमरा आवंटित किया गया है, जिसमें समूह द्वारा उक्त कार्य किया जा रहा है। 01.06.2023 को मेयर अनिता शर्मा व उनके पति अशोक शर्मा बिना सूचना अथवा नोटिस दिये समूह संचालिका को सम्पत्ति खाली कराने हेतु वहां धमकाने पहुंच गये। यही नहीं वहां महापौर पति अशोक शर्मा द्वारा स्वयं सहायता समूह की अध्यक्षा किरण भटनागर के साथ अभद्रता की गयी। और बेहद अपमानजनक व्यवहार महिला समूह से किया गया। जबकि बातचीत करने का अधिकार महापौर का है, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। यहां यह भी अवगत कराना है कि उक्त समूह द्वारा Green Temple योजना के अन्तर्गत कार्य किया गया है, जिसकी भारत सरकार द्वारा भी सराहना की गयी है। महापौर तथा महापौर पति के इस कृत्य से भारत सरकार की योजना जिससे महिलाओं को रोजगार प्राप्त हो सके पर प्रभाव पड़ रहा है, जिससे प्रदेश की छवि धूमिल हो रही है।

भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरुद्ध भाटी, पार्षद हितेश चौधरी, नागेन्द्र राणा ने कहा कि मेयर पति अशोक शर्मा जो निगम में किसी भी पद पर आसीन नहीं है उनके द्वारा समय-समय पर निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों में हस्तक्षेप किया जाता है, जिस कारण पूर्व में निगम के समस्त कर्मचारियों द्वारा महापौर का घेराव भी किया गया था परन्तु उक्त के बावजूद भी महापौर पति द्वारा समय-समय पर निगम कार्यालय में आकर कर्मचारियों से अभद्रता करना, पार्षदों के साथ अपमानजक व्यवहार करने के चलते निगम की छवि धूमिल हो रही है। महापौर कार्यालय को महापौर पति ने कांग्रेस कार्यालय बना दिया है। वह वहां कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं के साथ नियमित रूप से उपस्थित रहते हैं तथा निगम सम्बन्धी पत्रावालियों पर मेयर के हस्ताक्षर कराने में अड़चन पैदा करते हैं।

पार्षद अनुज सिंह, विनित जौली, अनिल वशिष्ठ, शुभम मंडोला, सुनील पाण्डेय ने कहा कि नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम, हरिद्वार के समस्त अधिकारी व कर्मचारी कठोर परिश्रम कर नगर निगम की स्थिति सुधारने में जुटे हैं। प्रदेश सरकार के आशीर्वाद फलस्वरूप विगत 2 वर्षों में जो उपलब्धियां प्राप्त की गयी है। उपलब्धियों की सराहना जनपद के आम जनमानस द्वारा समय-समय पर की जा रही है, परन्तु महापौर तथा मेयर पति की कार्यशैली तथा उनके द्वारा किये जा रहे कृत्यों के फलस्वरूप नगर निगम, हरिद्वार में तैनात अधिकारियों को शासकीय कार्य करने में बाधा उत्पन्न हो रही है जिस कारण निगम के साथ-साथ प्रदेश की छवि भी देश-प्रदेश में धूमिल हो रही है तथा निगम स्तर से भविष्य में किये जाने वाले विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न होना सम्भावित है।

पार्षद मनोज परालिया, योगेन्द्र सैनी, विकास कुमार, प्रशांत सैनी ने मुख्यमंत्री से नगर निगम में मेयर पति के हस्तक्षेप पर रोक लगाने तथा मेयर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। बोर्ड बैठक में जा रही महिला पार्षदों से अभद्रता करने व मेयरपति द्वारा अर्द्ध नग्न होकर गुण्डा तत्वों के साथ बोर्ड अधिवेशन के द्वार पर अराजकता फैलाने की भाजपा पार्षद दल ने घोर निंदा करते हुए मेयरपति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए बोर्ड बैठक का बहिष्कार किया।

सिटी मजिस्टेªट को ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से पिंकी चौधरी, विनित जौली, सुनीता शर्मा, अनिल वशिष्ठ, योगेन्द्र सैनी, विवेक उनियाल, ललित रावत, अनुज सिंह, सुनील पाण्डेय, सपना शर्मा, मोनिका सैनी, निशा नौडियाल, लोकेश पाल, आशा सारस्वत, नेपाल सिंह, नागेन्द्र राणा, शुभम मंडोला, प्रशांत सैनी, नितिन शर्मा माणा, विकास कुमार, मनोज परालिया, अन्नू मेहता, हितेश चौधरी, विमला देवी, योगेन्द्र अग्रवाल, सुरेन्द्र मिश्रा, कमल बृजवासी, किशन बजाज, निशिकांत शुक्ला, रेणु अरोड़ा आदि शामिल थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles