तीनों व्यक्तियों ने शाम को मंगवाए थे 8 पीएम ब्लैक शराब के दो क्वार्टर
खटीमा (महानाद) : खटीमा में 8 पीएम ब्लैक शराब के साथ एक संदिग्ध रासायनिक तरल के सेवन के बाद तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। जहां 2 लोगों की मौत हो गई तथा एक व्यक्ति को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें व संदिग्ध तरल पदार्थ जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि मृतकों और घायलों के पास गाड़ी में एक बोतल में संदिग्ध रासायनिक तरल था, जिसे उन्होंने पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया था।
आपको बता दें कि दिनांक 5 फरवरी 2026 को रात्रि करीब 10ः00 बजे थाना खटीमा प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह को सूचना मिली कि शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर एसएसआई ललित मोहन सिंह रावल मय पुलिस बल के अस्पताल पहुंचे, जहां दिल्लू राणा (52 वर्ष) निवासी कंजाबाग, खटीमा को मृत घोषित किया गया। वहीं मलकीत सिंह राणा एवं प्रवेश राणा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल, भोजीपुरा में रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मृत्यु हो गई।
उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि मृतक व घायलों से तीव्र केमिकल जैसी गंध आ रही थी, जिससे यह आशंका है कि उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। वहीं, अस्पताल लाने वाले व्यक्ति श्रवण कुमार ने बताया कि तीनों व्यक्तियों ने शाम को 8 पीएम ब्लैक शराब के दो क्वार्टर मंगवाए थे और वाहन से बाहर गए थे। वापस लौटने पर दिल्लू राणा की तबीयत बिगड़ गई और वे उल्टियां करने लगे। जिस पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान 8 पीएम ब्लैक के दो खाली क्वार्टर, एक खाली आधा बोतल, एक संदिग्ध प्लास्टिक बोतल, उल्टी के नमूने को सील कर कब्जे में ले लिया है। संदिग्ध बोतल से अत्यधिक तीव्र गंध पाई गई है। सभी बरामद सामग्री को विधिवत सील कर फोरेन्सिक जाँच हेतु भेज दिया गया है। एक बीमार को श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल, भोजीपुरा में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।



