हल्द्वानी (महानाद) : एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस ने बरेली रोड पर घटित सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए हत्यारोपी को .32 बोर की रिवॉल्वर के साथ गिरफ्तार कर लिया। अपने छोटे भाई की बीमारी के चलते आर्थिक तंगी के कारण बड़े भाई ने ही लोटे से वार कर अपने भाई की हत्या की थी।
आपको बता दें कि दिनांक 4.2.2026 की रात्रि को अंकित जायसवाल पुत्र संजय जायसवाल निवासी राम मन्दिर बगीचा, बरेली रोड, हल्द्वानी, नैनीताल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 3.2.2026 को समय 11 बजे रात्रि उसके चाचा संदीप जायसवाल ने उसके घर पर आकर छोटे चाचा सोनू जायसवाल के साथ मारपीट की, जिससे उनको गम्भीर चोटें आयी, और फिर उनकी मृत्यु हो गयी। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच एसएसआई रोहताश सिंह सागर के हवाले की गई।
उक्त सनसनीखेज हत्या की घटना के तत्काल अनावरण हेतु एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिये। उक्त आदेश के क्रम में एसपी मनोज कत्याल व सीओ अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाल विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया तथा फोरेन्सिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक साक्ष्य संकलित किये गये।
पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर मात्र 4 घण्टे के भीतर नामजद अभियुक्त संदीप जायसवाल पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद जायसवाल निवासी राम मन्दिर बगीचा, बरेली रोड, हल्द्वानी को एक रिवालवर .32 बोर व 2 जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। उक्त बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया।
पूछताछ के दौरान संदीप ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत में चल रहा था। उसके छोटे भाई की तबियत काफी खराब थी। आर्थिक तंगी के कारण उसका इलाज कराने में कठिनाई हो रही थी, जिस कारण उसने रात को शराब पीकर गुस्से में आकर अपने भाई के साथ मारपीट की, जिससे उसके छोटे भाई की मृत्यु हो गई।
पुलिस टीम में कोतवाल विजय सिंह मेहता, एसएसआई रोहताश सिंह सागर, एसआई रविन्द्र राणा, कृपाल सिंह, कां. मौ. अजहर तथा जगदीश भण्डारी शामिल थे।



